*पुरुषों के अधिकारों के लिए दिल्ली में होगा सत्याग्रह*

*पुरुषों के अधिकारों के लिए दिल्ली में होगा सत्याग्रह*

*डॉ संदीप गोहे के नेतृत्व में बैतूल से दिल्ली रवाना होगी एसआईएफ बैतूल की टीम*

बैतूल। देशभर में झूठे मुकदमों, वैवाहिक विवादों, आत्महत्या और मानसिक उत्पीड़न जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे पुरुषों के समर्थन में 19 अप्रैल को दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक ऐतिहासिक आंदोलन होने जा रहा है। सेव फैमिली फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस शांतिपूर्ण आंदोलन का नाम पुरुष सत्याग्रह रखा गया है। यह कार्यक्रम देशभर के पुरुष अधिकारों के लिए लड़ रहे संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का सबसे बड़ा मंच बनने जा रहा है।
इस आंदोलन में बैतूल जिले से भी एसआईएफ बैतूल की टीम शामिल होने जा रही है। यह टीम जिले की एकमात्र ऐसी गैर-सरकारी संस्था है जो पुरुषों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर सक्रिय है। एसआईएफ बैतूल झूठे दहेज प्रकरण, घरेलू हिंसा कानूनों के दुरुपयोग, वैवाहिक विवादों, आत्महत्या के बढ़ते मामलों और पुरुषों के मानसिक स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर काम कर रही है।

एसआईएफ बैतूल के संस्थापक डॉ संदीप गोहे ने बताया कि दिल्ली में होने जा रहा यह सत्याग्रह पुरुषों को भी समाज में न्याय और समानता दिलाने की पहल है। उन्होंने कहा कि आज समाज में जिस प्रकार पुरुषों को झूठे आरोपों में फंसाया जा रहा है और कानूनी असंतुलन की वजह से कई निर्दोष पुरुष आत्महत्या तक कर रहे हैं, वह चिंता का विषय है।
उन्होंने यह भी बताया कि पुरुष सत्याग्रह का मुख्य उद्देश्य इन मुद्दों को राष्ट्रीय मंच पर लाकर न्यायिक और सामाजिक सुधारों की मांग करना है। डॉ संदीप गोहे के नेतृत्व में बैतूल से रवाना हो रही एसआईएफ बैतूल की टीम दिल्ली में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी और जंतर-मंतर पर आयोजित इस सत्याग्रह में पुरुषों की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करेगी। पुरुषों को सहायता प्रदान करने के लिए एसआईएफ बैतूल द्वारा हेल्पलाइन नंबर 8882498498 भी जारी किया गया है,

जिस पर कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या साझा कर सकता है। डॉ गोहे ने बताया दिल्ली में होने वाला यह ऐतिहासिक सत्याग्रह पुरुषों की पीड़ा, उनकी उपेक्षित आवाज़ और न्याय की मांग को लेकर एक निर्णायक कदम साबित हो सकता है, जिसमें बैतूल की भागीदारी भी अहम भूमिका निभाएगी।