यहाँ रक्तदान के प्रति एक अनूठी जागरूकता देखने को मिलती है,

Pramod Suryavanshi

प्रदेश में एक जगह है आमला,जहाँ रक्तदान के प्रति एक अनूठी जागरूकता देखने को मिलती है, यहां कभी भी रक्तदान हो तो अब रक्तदाताओं से निवेदन नही करना पड़ता,बल्कि अब रक्तदाता स्वयं ही सहज भाव से रक्तदान के लिए आगे आ जाते है। आमला में रक्तदान के प्रति आई इस जागरूकता का एक बड़ा श्रेय शहर की जानीमानी समाजसेवी संस्था जनसेवा कल्याण समिति को जाता है। जनसेवा कल्याण समिति एक लंबे समय से शहर में रक्तक्रान्ति के लिए प्रयासरत है। इन्ही प्रयासो का परिणाम है कि समिति को विभिन्न राष्ट्रीय व प्रादेशिक स्तर के मंचो से सम्मानित किया जाता रहा है, सम्मान की इस श्रृंखला में विगत रविवार जनसेवा कल्याण समिति को अंतरराष्ट्रीय रक्तवीर सम्मान-2025 से सम्मानित किया गया।

ज्ञात हो कि मध्यप्रदेश रक्तदान सेवा ग्रुप,इटारसी व ऑल इंडिया ब्लड मोटिवेटर्स के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर रक्तक्रान्ति व रक्तदान जागरूकता के लिए कार्य कर रही अग्रणी संस्थाओं को आमंत्रित किया गया था। भारत की विभिन्न सेवाभावी संस्थाओ के साथ नेपाल व भूटान की संस्थायें भी इस समारोह में उपस्थित रही।
जनसेवा कल्याण समिति के राहुल धेण्डे व सागर चौहान ने बताया कि जनसेवा कल्याण समिति का धर्म एवं कर्म मात्र सेवा है और कुछ नही, समिति ने सम्मान या प्रसंशा की चाह में कभी भी किसी सेवा कार्य को नही किया। परन्तु जब सेवा कार्यो को देखते हुए इस तरह किसी प्रतिष्ठित मंच से सम्मान मिलता है तो मन में सुकून का अनुभव होता है, और लगता है कि परहित का जो संकल्प हमने लिया था उसमें हम ठीक काम कर रहे है।

समिति के अमित यादव व नितिन ठाकुर बताते है कि 6 अप्रैल,रामनवमी के पावन दिन देश की सुप्रसिद्ध संस्थाओ की उपस्थिति में मिला ये सम्मान सिर्फ जनसेवा कल्याण समिति का नही बल्कि पूरे आमला का सम्मान है,पर इस तरह के प्रतिष्ठित सम्मान जितनी खुशी देते है,उतना ही जिम्मेदार भी बनाते है, हम आगे भी प्रयासरत रहेंगे कि सम्मान की गरिमा सदा बनी रहे एवं सेवा व सहयोग का जो लक्ष्य हमने निर्धारित किया है उसे पाने के लिए सदा आगे बढ़ते रहे।
अनिल सोनपुरे,भावेश मालवीय व शुभम खातरकर ने जानकारी दी कि जनसेवा कल्याण समिति ने रक्तदान को लेकर अपनी यात्रा शुरू की थी, जो अब रक्तदान के साथ-साथ घायलों के उपचार,पशुसेवा, गरीब परिवारों के लिए सहयोग व तमाम परोपकारी कार्यो तक पहुँच चुकी है।

इटारसी मे आयोजित इस सम्मान समारोह में नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीताशरण शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में थे।

अनिल सोनी व राजा राठौर कहते है कि समिति सदैव तत्पर रहती है कि परोपकारी कार्यो में हाथ बटाने का अवसर मिलते रहे, आगे भी रक्तदान के लिए जनसेवा कल्याण समिति पूरे मन से समर्पित रहेगी। समिति के सतत प्रयासो की ही परिणीति है कि अब आमला को रक्त राजधानी के रूप में पहचाना ज्ञे लगा है।
सेवाभावी कार्यो एवं परोपकारी प्रयासो के लिए कई मंचो से समिति को सम्मानित किया जा चुका है, जिसमे 6 अंतराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के सम्मान भी शामिल है।