पिपलेश्वर महादेव सेवा समिति लगातार दूसरे वर्ष निकालेगी विशाल कावड़ यात्रा

घोड़ाडोंगरी – सावन के महीने में कांवड़ यात्रा की शुरुआत होती है धार्मिक मान्यता है कि सावन में सच्चे मन से कांवड़ लाने से महादेव प्रसन्न होकर साधक की सभी मुरादें पूरी करते हैं। साथ ही जीवन के संकट दूर होते हैं।
पंचांग के अनुसार इस वर्ष सावन माह की शुरुआत 22 जुलाई से हो रही है पवित्र श्रावण मास के लिए शिव भक्त बेसब्री से इंतजार करते हैं श्रावण मास में देशभर के शिवभक्त पवित्र स्थान से गंगाजल लाकर भगवान शिव का विधिपूर्वक जलाभिषेक करते हैं यात्रा के दौरान भक्तों में बेहद खास उत्साह देखने को मिलता है और बम भोले या बोल बम के नाम का जप कर यात्रा को पूरी करते हैं।

पिपलेश्वर महादेव सेवा समिति में कावड़ यात्रा को लेकर समिति के सदस्यों द्वारा वृहद बैठक का आयोजन किया गया जिसमें गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी कावड़ यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया। गौरतलब है कि गत वर्ष अधिकमास होने के कारण दो माह का सावन आया था और समिति के सदस्यों द्वारा पूरे 64 दिनों तक निरन्तर कावड़ यात्रा निकाली गई थी इसी तरह इस वर्ष भी श्रावण माह में पांच सोमवार आ रहे है और श्रावण मास का आरंभ भी सोमवार से ही हो रहा है जिसको मद्देनजर रखते हुए समिति ने उत्साह के साथ पूरे श्रावण मास में निरंतर कावड़ यात्रा निकालने का निर्णय लिया। बताया गया कि सभी कावड़िये रोज सुबह छः बजे पिपलेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण होली चौक में

एकत्रित होकर एक साथ नदी की ओर प्रस्थान करेंगे नदी से कावड़ में जल भर कर लायेंगे और उस जल से पिपलेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर आरती और प्रसाद वितरण करेंगे।
पिपलेश्वर महादेव सेवा समिति ने सभी शिवभक्तों से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में इस कावड़ यात्रा में सम्मिलित होकर यात्रा को सफल बनायें और अपने जीवन को धन्य बनाएं