घोड़ाडोंगरी। जनपद पंचायत घोड़ाडोंगरी के तहसील मुख्यालय के आदिवासी मंगल भवन की दयनीय हालत पर आदिवासी समिति घोड़ाडोंगरी ने नाराजगी व्यक्त की है।
समिति के अध्यक्ष सुरवन सलाम, ज्ञानसिंह परते जनपद उपाध्यक्ष, मनोज धुर्वे सरपंच जुवाड़ी, गोविंद पन्द्राम सरपंच रातामाटी, गुरदयाल उईके, अंगद आहाके, पवन परते, सुरेंद्र कुमरे सहित लोगों ने बताया कि शासन के लाखों रुपए खर्च करके आदिवासी समाज के सामाजिक कार्यों के लिए घोड़ाडोंगरी तहसील मुख्यालय पर आदिवासी मंगल भवन बनाया गया।
लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण लाखों रुपए में बना आदिवासी मंगल भवन दयनीय हालत में पहुंच गया ।आदिवासी मंगल भवन की स्थिति यह है कि दरवाजे खिड़कियां पूरी तरह खराब हो चुके हैं बिजली कनेक्शन पूरी तरह नष्ट हो चुका है। फर्श और छत का प्लास्टर उखड़कर बैठने लायक नहीं रहा ।
आदिवासी समिति समाज के उत्थान के नाम पर लाखों रुपए खर्च किए जाते हैं। लेकिन आदिवासी समाज के लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा। आदिवासियों के नाम पर शासन के करोड़ों रुपए खर्च होते हैं और आदिवासी समाज के लोगों को ही फायदा नहीं मिलता ।जिसके कारण आजादी के इतने वर्षों बाद भी आदिवासी समाज की हालत ज्यो कि त्यों हैं ।आदिवासी समिति के पदाधिकारीयो ने कहा कि क्षेत्र में
आदिवासी समाज के सांसद विधायक हैं । फिर भी आदिवासी समाज की उपेक्षा हो रही है । जिम्मेदार पदाधिकारी भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं । लोगों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए आदिवासी मंगल भवन में सुधार कार्य करने की मांग की है। पदाधिकारी ने बताया कि अब इस मंगल भवन की देखरेख ,संचालन आदिवासी समिति के माध्यम से किया जाएगा।







