डीसीए के 221 के स्कोर को छू भी नहीं पाई सतवास डीसीए कप्तान मोईस और आदर्श की जोड़ी ने मचाई धूम
बैतूल। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आयोजित स्मृति कप-2023 के दूसरे दिन सोमवार विनर्स क्लब सतवास और डीसीए बैतूल के मध्य मुकाबला खेला गया। एसोसिएशन के सचिव अनिल दत्त दीक्षित ने बताया रोहित डाबर जनरल मैनेजर उद्योग केंद्र तथा राहुल शर्मा रेंजर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच शुरू करवाया। सतवास के कप्तान इमरान खान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। निर्धारित 20-20 ओवर के मैच में डीसीए के कप्तान मोईस मंसूरी और आदर्श दुबे ने ताबड़तोड़ शुरुआत की। दोनों ही तरफ से रनों की बरसात होती रही। दोनों ने मिलकर 8 ओवर में 91 रनों की भागीदारी दी। 91 रन पर कप्तान मोईस मंसूरी को सतवास के कप्तान इमरान ने बोल्ड कर दिया। मोईस ने 20 गेंदों पर 13 चौके और एक छक्के की मदद से 63 रन बनाए। मोईस के आउट होने के बाद मध्य प्रदेश टीम के खिलाड़ी आर्यन देशमुख ने मोर्चा संभाला और 21 गेंदों पर छह चौके और छक्के की मदद से 43 रन बनाए। इसके बाद भी सतवास की टीम को कोई राहत नहीं मिली और अंचित ठाकुर ने छक्कों की बरसात करते हुए 18 गेंदों में 43 रन बनाए। अंचित ठाकुर ने 5 छक्के और एक चौका लगाया। आदर्श ने 44 गेंदों पर 59 रन बनाए।
–राकेश और इमरान ने रन रेट को बनाए रखा–
सतवास की ओर से इमरान और मूरा ने एक-एक विकेट लिए। सतवास को 221 रनों का लक्ष्य 20 ओवर में बनाना था। सतवास ने भी बहुत तेज शुरुआत की। राकेश इक्का और इमरान खान ने रन रेट को बनाए रखने का प्रयास किया। खासकर राकेश ईक्का ने 32 गेंदों पर आठ चौके और दो छक्कों के माध्यम से 43 रन बनाए, जबकि इमरान ने 18 गेंदों पर 17 रन बनाए। इसके बाद भानु ने 23 गेंदों पर 43 रन बनाए, जबकि 7 चौके मारे। डीसीए की ओर से आदर्श ने 2, मनोज दह कर दो तथा अंकित ने एक विकेट लिए। सतवास 8 विकेट पर 170 ही बना सकी। डीसीए ने यह मैच 42 रनों से जीत लिया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार डॉ नितिन देशमुख, राजू देशमुख, जगेंद्र तोमर ने दिया। संजय हुद्दार ने बताया आज का मैच बैतूल एकेडमी और व्हायनसी सी के मध्य खेला जाएगा।