आवेदन आमंत्रित, मत्स्य पालन से जुड़े कृषकों तथा मात्स्यिकी से जुडऩे के इच्छुक व्यक्तियों के लिए अवसर
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत आवेदन आमंत्रित
————————————-
जिले में संचालित सहायक संचालक मत्स्योद्योग कार्यालय द्वारा मत्स्य पालन से जुड़े कृषकों तथा मात्स्यिकी से जुडऩे के इच्छुक व्यक्तियों के लिए मात्स्यिकी विभाग भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना क्रियान्वित की जा रही है। उक्त योजना का मुख्य उद्देश्य मछली उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि, गुणवत्ता, तकनीकी, आधारभूत संरचना एवं प्रबंधन के अंतर को कम करना मूल्य श्रृंखला का आधुनिकीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, मजबूत मत्स्य पालन – प्रबंधन ढांचा की स्थापना तथा मछुआरों एवं मत्स्य कृषकों की आय दोगुनी करना है।
इस योजना में विभिन्न योजनायें जिसमें मत्स्य बीज उत्पादन हेतु बीज उत्पादन हैचरी की स्थापना, मत्स्यबीज संवर्धन हेतु नवीन पोखर/नर्सरी का निर्माण, नवीन तालाब का निर्माण, मिश्रित मत्स्य पालन, पंगेशियस मछली पालन, तिलापिया मछली पालन हेतु इनपुट्स की व्यवस्था, जलाशय में मत्स्य अंगुलिकाओं का संचयन, रंगीन मछलियों की ब्रीडिंग एवं रियरिंग के लिये इकाई की स्थापना, पुर्न: संचारी जल कृषि प्रणाली (आरएएस) की स्थापना, बायोफलाक्स की स्थापना, आइस बाक्स युक्त मोटर साइकिल, मछली बिक्री हेतु ई – रिक्शा, रेफिजिरेटेड व्हीकल, जलाशय पिंजरा कृषि (केज स्थापना), फिश फीड मिल प्लांट, मछली कियोस्क का निर्माण (पक्की विक्रय दुकान), लाइव फिश वेंडिग सेंटर, आइस प्लांट, थ्री व्हीलर विथ आइस बाक्स, रोग निदान एवं गुणवता परीक्षण चलित लैब, थोक मछली बाजार का निर्माण इत्यादि सम्मिलित है।
उक्त योजना में सम्मिलित गतिविधियों से लाभ लेने हेतु इच्छुक व्यक्ति कार्यालय सहायक संचालक मत्स्योद्योग बैतूल में 31 अक्टूबर 2022 तक आवेदन कर सकते हैं । आवेदन कार्यालय की ई – मेल आईडी adfishbet@mp.gov.in पर भी भेजे जा सकते हैं । कलस्टर आधारित तथा पहले आओ पहले पाओ के आधार पर हितग्राहियों की चयन में प्राथमिकता दी जावेगी। ज्ञातव्य हो कि जिला स्तरीय समिति का प्रशासनिक अनुमोदन पश्चात ही इसे अंतिम रूप दिया जायेगा।







