बैतूल ने हरदा को पारी और 162 रनों से हराया, रुद्राक्ष नागोरे और दिव्यांशु चौहान बने संयुक्त मैन ऑफ द मैच

 

 

नर्मदापुरम। नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित स्वर्गीय जिनवरदास फौजदार स्मृति अंडर-15 बालक वर्ग इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट में बैतूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हरदा को पारी और 162 रनों के विशाल अंतर से पराजित किया। मुकाबले में रुद्राक्ष नागोरे के शानदार शतक और दिव्यांशु चौहान की घातक गेंदबाजी ने बैतूल की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई।

 

संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के मानसेवी सचिव श्री प्रदीप सिंह तोमर ने बताया कि मैच के पहले दिन बैतूल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 312 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। बैतूल की ओर से रुद्राक्ष नागोरे ने शानदार 134 रनों की शतकीय पारी खेली। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी हरदा की टीम ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 33 रनों पर अपने 5 विकेट गंवा दिए थे।

 

दूसरे दिन हरदा की पहली पारी ज्यादा देर नहीं टिक सकी और पूरी टीम महज 57 रनों पर ऑलआउट हो गई। बैतूल की ओर से दिव्यांशु चौहान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 7 विकेट हासिल किए। सक्षम महाले को 2 और विजित दावंडे को 1 विकेट मिला। इस प्रकार बैतूल को पहली पारी में 255 रनों की विशाल बढ़त प्राप्त हुई और हरदा को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा।

 

फॉलोऑन खेलते हुए हरदा की टीम दूसरी पारी में भी संभल नहीं पाई और महज 97 रनों पर सिमट गई। दूसरी पारी में सक्षम महाले ने 5 विकेट लेकर हरदा की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी, जबकि दिव्यांशु चौहान ने 3 विकेट हासिल किए। विजित दावंडे और अभिनव साठे को 1-1 विकेट मिला। इस तरह बैतूल ने पारी और 162 रनों के बड़े अंतर से शानदार जीत दर्ज की।

 

रुद्राक्ष और दिव्यांशु को संयुक्त मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार

 

बैतूल की ओर से 134 रनों की शानदार शतकीय पारी खेलने वाले रुद्राक्ष नागोरे और मैच में कुल 10 विकेट हासिल करने वाले दिव्यांशु चौहान को संयुक्त रूप से मैन ऑफ द मैच चुना गया। दोनों खिलाड़ियों को नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री कपिल फौजदार, एमपीसीए ऑब्जर्वर श्री पुनीत चतुर्वेदी एवं एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी सदस्य श्री अनुराग मिश्रा द्वारा पुरस्कृत किया गया।

 

इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री कपिल फौजदार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए बताया कि यह टूर्नामेंट उनके पिता स्वर्गीय श्री जिनवरदास फौजदार की स्मृति में आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि उनके पिता स्वयं एक शानदार पहलवान थे और उन्होंने दारा सिंह सहित देश के अनेक प्रसिद्ध पहलवानों के साथ कुश्ती में जोर-आजमाइश की थी। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ निरंतर मेहनत करने और अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।

 

एमपीसीए ऑब्जर्वर श्री पुनीत चतुर्वेदी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि क्रिकेट में आगे बढ़ने और चयन के अवसर प्राप्त करने के लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और मेहनत आवश्यक है। उन्होंने खिलाड़ियों को अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करने तथा बेहतर प्रदर्शन के लिए लगातार प्रयास करते रहने की प्रेरणा दी।

 

कार्यक्रम के अंत में श्री मनोहर बिल्थरिया ने उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

 

इस अवसर पर एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी सदस्य श्री अनुराग मिश्रा, एमपीसीए ऑब्जर्वर श्री पुनीत चतुर्वेदी, अंपायर श्री विष्णु बौरासी एवं श्री आदित्य राजपूत, स्कोरर श्री मनोहर बिल्थरिया सहित ग्राउंड स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.