पाथाखेड़ा में मनाया गया विश्व हाथ धुलाई दिवस, बच्चों को सिखाई स्वच्छता की पाठशाला*
जिला बैतूल /पाथाखेड़ा, 15 अक्टूबर 2026। लिटिल फ्लावर हायर सेकेण्डरी स्कूल पाथाखेड़ा में आज विश्व हाथ धुलाई दिवस (Global Handwashing Day) बड़े उत्साह के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा विद्यार्थियों को हाथों की स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया गया और सही तरीके से हाथ धोने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया।
शिक्षकों ने बच्चों को समझाया कि भोजन करने से पहले, शौचालय के उपयोग के बाद और गंदगी के संपर्क में आने पर साबुन और स्वच्छ पानी से हाथ धोना अत्यंत आवश्यक है। हाथों की नियमित सफाई से अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें अपने दैनिक जीवन में अच्छी आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करना था। बच्चों ने उत्साहपूर्वक हाथ धोने का अभ्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था प्रबंधक सिस्टर मेरीसिलीन, प्राचार्य सिस्टर अनुजा किरण, वरिष्ठ व्याख्याता एम एस कुरैशी और शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
*कार्यक्रम का संदेश रहा – “हाथ धोना है बहुत जरूरी, इससे दूर रहेंगी बीमारियां सारी।”*