साइबर सुरक्षा जागरूकता एवं वीरगाथा सैनिक सम्मान कार्यक्रम आयोजित

बैतूल। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस जे.एच. शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बैतूल में प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे के संरक्षण में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अर्थशास्त्र विभाग द्वारा साइबर सिक्योरिटी जागरूकता अभियान तथा इतिहास विभाग द्वारा वीरगाथा सैनिक सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दोनों कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा, राष्ट्रसेवा, अनुशासन एवं देशभक्ति से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्रदान की गई।
84 छात्राओं ने साइबर सुरक्षा की जानकारी प्राप्त की
अर्थशास्त्र विभाग के अंतर्गत आयोजित साइबर सिक्योरिटी जागरूकता कार्यक्रम में SEBI के स्मार्ट ट्रेनर श्री जितेंद्र ढूंढे, श्री आशीष एवं श्री वैभव द्वारा छात्राओं को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षकों ने बताया कि साइबर ठग आम नागरिकों को अपने जाल में फंसाने के लिए फर्जी कॉल, लिंक, OTP, KYC अपडेट, बैंक संबंधी संदेश, फर्जी निवेश योजनाओं, सोशल मीडिया एवं अन्य डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते हैं। विद्यार्थियों को समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड, बैंक विवरण अथवा अन्य संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए।

कार्यक्रम में 84 छात्राओं ने सहभागिता करते हुए साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजना डॉ. शंकर सातनकर ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर जागरूकता प्रत्येक विद्यार्थी की आवश्यकता है। सजग एवं जागरूक नागरिक ही साइबर अपराधों से स्वयं को तथा अपने परिवार को सुरक्षित रख सकता है।सैनिक जीवन के अनुभवों से विद्यार्थियों को मिली प्रेरणा

इसी क्रम में इतिहास विभाग के अंतर्गत वीरगाथा एवं सैनिक सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की संयोजक डॉ. पल्लवी दुबे रहीं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त सैनिक एवं निःशुल्क रघुकुल एकेडमी संचालित करने वाले श्री रघुवंशी उपस्थित रहे।

श्री रघुवंशी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए अपने सैनिक जीवन के अनुभव, सैन्य अनुशासन, संघर्ष, राष्ट्रसेवा एवं देश के प्रति समर्पण के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने युवाओं को जीवन में अनुशासन, कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और राष्ट्रहित की भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही वर्तमान में उनके द्वारा संचालित निःशुल्क कोचिंग एवं विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के संबंध में भी जानकारी साझा की।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और प्रत्येक युवा को अपने क्षेत्र में ईमानदारी, अनुशासन एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए देश के विकास में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में डॉ. भोलू सिंह मरसकोले, प्रो. मुकुंद चंदेल एवं प्रो. गीता माली सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

दोनों कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को एक ओर डिजिटल युग में सुरक्षित एवं सजग नागरिक बनने, वहीं दूसरी ओर सैनिकों के त्याग, अनुशासन और राष्ट्रसेवा से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों ने विद्यार्थियों में जागरूकता के साथ-साथ राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना को मजबूत करने का प्रभावी संदेश दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.