जयवंती ह. शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बैतूल में विविध कार्यक्रमों का आयोजन

 

बैतूल, 2 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर जयवंती ह. शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बैतूल में प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे के संरक्षण में स्वच्छता अभियान, नशा मुक्ति जागरूकता, चित्रकला प्रदर्शनी एवं वित्तीय जागरूकता सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के संदेश को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकों तथा स्टाफ सदस्यों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर महात्मा गांधी के जीवन एवं उनके विचारों को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को वर्तमान समय में प्रासंगिक बताया गया।

इसके पश्चात राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, इको क्लब के सदस्यों एवं कन्या छात्रावास की छात्राओं द्वारा महाविद्यालय परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों ने परिसर की साफ-सफाई करते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया तथा स्वच्छ परिसर और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता को केवल एक अभियान न मानकर इसे दैनिक जीवन की आदत बनाने के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे ने उपस्थित प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं से महात्मा गांधी के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी का जीवन सत्य, अहिंसा, सादगी, स्वच्छता और सेवा के मूल्यों पर आधारित था। यदि विद्यार्थी इन मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करें, तो वे न केवल अपने व्यक्तित्व का विकास कर सकते हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य द्वारा उपस्थित सभी स्टाफ सदस्यों एवं छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शंकर सातनकर के संयोजन में नशा मुक्ति जागरूकता के लिए छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार की गई चित्रकलाओं की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशे के सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय के उपस्थित सदस्यों को नशे के विरुद्ध जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक श्री हीरामन मालवीय द्वारा छात्र-छात्राओं को नशे के विभिन्न दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में सेबी के स्मार्ट ट्रेनर श्री जितेंद्र ढूंढे एवं उनकी टीम द्वारा वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता, बचत, निवेश, वित्तीय अनुशासन एवं जागरूक निवेशक बनने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को अपने आर्थिक भविष्य के प्रति सजग रहने तथा वित्तीय निर्णय सोच-समझकर लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में जिला संगठन डॉ. जी.पी. साहू, डॉ. बी.डी. नागल, डॉ. नीलिमा पीटर, डॉ. प्रियंका लिखितकर, प्रो. गीता माली, डॉ. शिवदयाल साहू, डॉ. निहारिका भावसार, डॉ. महेंद्र नवांगे सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के माध्यम से महाविद्यालय परिवार ने गांधी जयंती को केवल एक स्मरण दिवस के रूप में न मनाकर स्वच्छता, नशा मुक्ति, वित्तीय जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के संकल्प दिवस के रूप में मनाया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में गांधीवादी मूल्यों को विकसित करते हुए उन्हें स्वच्छ, स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.