सक्षम साथिया, सशक्त समुदाय का संदेश लेकर जिलेभर से पहुंचे साथिया
दमोह। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तरीय साथिया समागम का भव्य शुभारंभ गुरुवार को ज्ञानचंद श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दमोह में किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से चयनित सक्षम साथियाओं के साथ स्वास्थ्य एवं महिला-बाल विकास विभाग से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी, आशा सहयोगी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, परामर्शदाता, मास्टर ट्रेनर सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
समागम के दौरान किशोर-किशोरी साथियाओं ने पोस्टर एवं चित्रों के माध्यम से किशोर स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रस्तुत किया। किशोरियों ने माहवारी, पोषण, चोट एवं लिंग आधारित हिंसा सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए। साथियाओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में किए जा रहे जागरूकता कार्यों, अनुभवों एवं उपलब्धियों को भी मंच से साझा किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य सक्षम साथियाओं को प्रोत्साहित करना तथा उनके योगदान को पहचान देते हुए प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन ग्राम भारती महिला मंडल के तत्वावधान में किया गया।
जिलेभर से पहुंचे सक्षम साथिया
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सीईओ प्रवीण पुलपगारे, जिला चिकित्सा अधिकारी श्रीमती रीता चटर्जी, बीएमओ हिंडोरिया अमित मिश्रा, जिला परियोजना अधिकारी संजीव मिश्रा, डीसीएम ऋषिराज , नगर निरीक्षक सरिता रजक, अभिनाश वर्मा, हेमंत शुक्ला ,नरेश शुक्ला एवं देवेंद्र सिंह सहित जिले के सभी ब्लॉकों के बीसीएम, परामर्शदाता, मास्टर ट्रेनर, आशा सहयोगी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं किशोर-किशोरी साथिया उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ग्राम भारती महिला मंडल की संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल एवं संस्था उपाध्यक्ष ज्योति शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। जिले के विभिन्न ब्लॉकों से चयनित सक्षम साथियाओं के साथ ग्राम सरपंच, आशा सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता की।
साथियाओं से मिलकर कार्यक्रम को समझा : जिला पंचायत CEO श्री प्रवीण पुलपगारे
मुख्य अतिथि जिला पंचायत सीईओ प्रवीण पुलपगारे ने कहा कि मंच पर साथियाओं से मिलकर उन्हें कार्यक्रम की गतिविधियों एवं उनकी भूमिका को समझने का अवसर मिला। किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य और भविष्य से जुड़ा यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। समुदाय में स्वास्थ्य एवं सामाजिक विषयों को लेकर जागरूकता बढ़ाने में साथियाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
किशोर स्वास्थ्य और जागरूकता पर दिया जोर : डॉ. रीता चटर्जी
जिला चिकित्सा अधिकारी श्रीमती रीता चटर्जी ने कार्यक्रम के दौरान किशोर स्वास्थ्य, स्वास्थ्य जागरूकता एवं समुदाय की सहभागिता के महत्व पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने साथिया कार्यक्रम के माध्यम से किशोर-किशोरियों तक स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
समुदाय की सहभागिता से मजबूत होगा कार्यक्रम : प्रभारी जिला समन्वयक ऋषिराज
डीसीएम प्रभारी जिला समन्वयक ऋषि राज ने किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम में समुदाय की सहभागिता और सक्षम साथियाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने साथियाओं द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे जागरूकता कार्यों को कार्यक्रम की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
साथियाओं के प्रयासों को मिल रहा मंच : संस्था अध्यक्ष श्री भारती अग्रवाल
ग्राम भारती महिला मंडल की संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल ने कहा कि साथिया समागम सक्षम साथियाओं को एक मंच उपलब्ध कराने के साथ उनके अनुभवों और कार्यों को सामने लाने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य एवं जागरूकता के लिए सामुदायिक सहभागिता को आवश्यक बताया।
इस तरह के कार्यक्रम से समाज में नई जागृति आएगी : श्री संजीव मिश्रा
जिला परियोजना अधिकारी संजीव मिश्रा ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से किशोर-किशोरियों के साथ-साथ समुदाय में भी स्वास्थ्य एवं सामाजिक विषयों को लेकर नई जागृति आएगी। उन्होंने साथियाओं को अपने क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
BGMS इंदौर से पधारे हुए अविनाश वर्मा सर ने कहा कि अपना जो यह कार्यक्रम है वह इस संस्था के माध्यम से प्रदेश में प्रथम चल रहा है
और ऐसी शुभकामनाएं कि आप इसी गति से आगे कार्य करते रहें
*सरिता रजक*
पुलिस निरीक्षक द्वारा नशे में लोग किस तरह अपराध में लिप्त हो जाते हैं यह पर एक कहानी के माध्यम से बच्चों को अन्य सभी को जागरूक किया
और हमे किन किन चीज़ों की सावधानी रखना चाहिए नशे से दूर रहने के लिए
साथिया
इशिका कुचबंदिया द्वारा कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बाल विवाह एवं कम उम्र में जो किशोर किशोरियों द्वारा प्रेम संबंध रखे जाते है इस पर खुलकर बात की ओर बताया यह क्षणिक होता है इसमें किशोर किशोरियों को सावधानी रखना चाहिए और अपने भविष्य को उज्ज्वल करने पर ध्यान देना चाहिए
अन्य अतिथियों ने भी रखे विचार
कार्यक्रम के दौरान संभागीय प्रतिनिधि श्री नितेश कुसम्हा एवं महेंद्र मिश्रा पीसी सहित अन्य अतिथियों ने भी किशोर स्वास्थ्य, जागरूकता एवं समुदाय की सहभागिता को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। अतिथियों ने साथियाओं को उनके क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहकर किशोर-किशोरियों तक स्वास्थ्य एवं सामाजिक विषयों की जानकारी पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दौरान साथिया बालिकाओं को सैनेटरी पैड एवं उपयोगी उपहार सामग्री वितरित कर उनके स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
स्वास्थ्य और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना उद्देश्य
साथिया समागम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत साथियाओं को एक मंच पर लाकर किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद करना है। इसके साथ ही समुदाय में किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता को मजबूत करना है।
समागम के दौरान साथियाओं को उनकी भूमिका एवं जिम्मेदारियों के प्रति प्रोत्साहित किया गया। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने अपने अनुभव और सीख एक-दूसरे के साथ साझा किए। साथियाओं ने समुदाय में किशोर-किशोरियों के बीच स्वास्थ्य एवं सामाजिक विषयों पर जागरूकता फैलाने के प्रयासों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में “सक्षम साथिया, सशक्त समुदाय” के संदेश के साथ किशोर-किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने पर जोर दिया गया।