*परियोजना समापन किसान संगोष्ठी एवं अनुभव साझाकरण कार्यक्रम आयोजित*

 

 

दमोह, पथरिया। ग्राम पंचायत असलाना में ग्राम भारती महिला मंडल द्वारा संचालित स्मॉल ग्रांट प्रोग्राम (SGP) के अंतर्गत परियोजना समापन किसान संगोष्ठी एवं अनुभव साझाकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पिछले दो वर्षों के दौरान कृषि, जैविक खेती, पर्यावरण संरक्षण, मृदा एवं जल संरक्षण तथा आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में किए गए कार्यों के अनुभव साझा करना और परियोजना के बाद भी इन गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए कृषकों को प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र दमोह से

श्री मनोज अहिरवार, वरिष्ठ उद्यानिकी विकास अधिकारी श्री गणेश पटेल, कृषि विस्तार अधिकारी पथरिया श्री प्रहलाद सिंह लोधी, सरपंच असलाना श्री हरिगोविंद पटेल, प्रधानाध्यापक श्री हरिगोविंद तिवारी एवं ग्राम सचिव श्रीमती अनीता वैद्य सहित असलाना, चकेरी, महुना एवं हिनौता के कृषक, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। ग्राम भारती महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रीमती ज्योति शर्मा, कार्यक्रम समन्वयक श्री नितेश कुसमहा, परियोजना समन्वयक श्री अवधेश पटेल एवं कार्यक्रम क्रियान्वयक श्री राजेश अठया की सहभागिता रही। परियोजना की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए श्री अवधेश पटेल ने पिछले दो वर्षों में संचालित प्रमुख गतिविधियों और उनसे प्राप्त परिणामों को साझा किया।

उन्होंने कृषकों से परियोजना के दौरान मिली सीख को अपने खेतों एवं गांव में निरंतर अपनाने तथा अन्य किसानों को भी इससे जोड़ने का आग्रह किया। इस दौरान कृषकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए संस्था द्वारा दिए गए मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। श्री मनोज अहिरवार ने जैविक एवं उन्नत कृषि पद्धतियों, मृदा स्वास्थ्य तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने पर जोर दिया। वहीं श्री गणेश पटेल ने उद्यानिकी विभाग की योजनाओं, सब्सिडी एवं विभिन्न उद्यानिकी फसलों की जानकारी देते हुए कृषकों को योजनाओं का लाभ लेकर आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। श्री प्रहलाद सिंह लोधी ने कृषि विभाग की योजनाओं एवं सेवाओं से अवगत कराते हुए भविष्य में आवश्यक तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही।

संगोष्ठी में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि परियोजना का समापन गतिविधियों का अंत नहीं, बल्कि उन्हें निरंतर आगे बढ़ाने की शुरुआत है। कृषकों ने जैविक खेती, पौधारोपण एवं पौधों की देखभाल, मृदा-जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन सहित अन्य उपयोगी गतिविधियों को जारी रखने का संकल्प लिया। अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने भी विभागीय योजनाओं और तकनीकी मार्गदर्शन के माध्यम से किसानों को सहयोग देने का आश्वासन दिया।

*कार्यक्रम के दौरान संस्था द्वारा सभी मंचासीन अतिथियों एवं पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही परियोजना से जुड़े कृषकों को उनकी सहभागिता एवं सहयोग के लिए स्मृति चिन्ह के रूप में टॉर्च वितरित की गईं।* इस अवसर पर श्रीमती ज्योति शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण, उन्नत कृषि एवं पौधारोपण को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि परियोजना से प्राप्त सीख को समुदाय के स्तर पर आगे बढ़ाना ही इसकी वास्तविक सफलता है। कार्यक्रम का संचालन श्री अवधेश पटेल एवं श्री नितेश कुसमहा ने किया।

अंत में श्रीमती भारती अग्रवाल, अध्यक्ष, ग्राम भारती महिला मंडल ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, विशेषज्ञों तथा विभिन्न ग्रामों से आए कृषकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से संस्था, कृषकों एवं शासकीय विभागों के बीच समन्वय को और मजबूत करने के साथ उन्नत कृषि, पर्यावरण संरक्षण एवं ग्रामीण आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को परियोजना के बाद भी निरंतर जारी रखने का संदेश दिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.