शिवभक्तों का एक जत्था बाबा बैजनाथ धाम की पवित्र यात्रा के लिए रवाना हुआ
बोल बम समिति के संयोजक विकास अग्रवाल ने बताया कि श्रद्धालु सबसे पहले काशी विश्वनाथ के दर्शन के बाद बिहार के
सावन माह के पावन अवसर पर घोड़ाडोंगरी नगर से शिवभक्तों का एक जत्था बाबा बैजनाथ धाम की पवित्र यात्रा के लिए रवाना हुआ। इस दौरान शिवभक्तों में भक्ति और उत्साह का माहौल देखा गया।
यात्रा पर निकलने से पूर्व सभी भक्त बाजे-गाजे के साथ नगर के सत्यनारायण मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया।
बोल बम समिति के संयोजक विकास अग्रवाल ने बताया कि श्रद्धालु सबसे पहले काशी विश्वनाथ के दर्शन के बाद बिहार के सुल्तानगंज पहुंचेंगे। वहां से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल भरकर वे लगभग 120 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा करेंगे। इसके बाद सभी शिवभक्त बाबा बैजनाथ धाम और वासुकीनाथ धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
यह जत्था देश, प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना करेगा। शिवभक्तों के रवाना होने से पूरे नगर में शिवमय माहौल बन गया, जहां जयघोष और भक्ति गीतों के बीच उत्साह देखने को मिला।
