राष्ट्रपति के प्रस्तावित बैतूल दौरे से पहले 17 जून को ट्रायल लैंडिंग व कारकेड रिहर्सल, कई मार्ग रहेंगे प्रतिबंधित

 

जिला बैतूल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित बैतूल भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों के तहत 17 जून को ट्रायल लैंडिंग एवं कारकेड रिहर्सल आयोजित की जाएगी। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा विशेष यातायात प्रबंध किए गए हैं। इस दौरान कई मार्गों को पूर्ण रूप से सैनिटाइज किया जाएगा तथा नगर सीमा में भारी एवं मध्यम वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी प्रतिबंध रहेगा।

यातायात पुलिस के अनुसार ट्रायल लैंडिंग प्रातः 10:50 बजे होगी। इसके बाद रिहर्सल कारकेड हेलीपैड मिलानपुर से सुबह 11:00 बजे कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होगा और 11:18 बजे लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम पहुंचेगा। रिहर्सल के पश्चात कारकेड दोपहर 12:25 बजे कार्यक्रम स्थल से रवाना होकर 12:43 बजे पुनः हेलीपैड पहुंचेगा।

रिहर्सल के दौरान हेलीपैड मिलानपुर (राष्ट्रीय राजमार्ग-47) से भारत भारती, सोनाघाटी फॉरेस्ट बैरियर, चक्कर रोड, थाना कोतवाली चौक, गणेश मंदिर, कॉलेज चौक, पुलिस कंट्रोल रूम चौक, पुलिस पेट्रोल पंप होते हुए लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम तक के मार्ग को सुरक्षा कारणों से पूर्णतः खाली कराया जाएगा।

यातायात पुलिस ने बताया कि 17 जून को प्रातः 7:00 बजे से दोपहर 12:43 बजे तक बैतूल नगर सीमा में भारी एवं मध्यम वाहनों, ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित अन्य बड़े वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।

महाविद्यालयीन परीक्षार्थियों एवं अन्य यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। शाहपुर एवं सारणी क्षेत्र से आने वाले छात्र-छात्राएं पाथाखेड़ा जोड़, घोड़ाडोंगरी, रानीपुर, चिखलार, पहाड़ी अस्पताल मार्ग, खासी खदान, अवस्थी गोदाम, अखवाड़ा चौक, लिंक रोड एवं कारगिल चौक होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

आमला मार्ग से आने वाले छात्र-छात्राओं के लिए हमलापुर चौक, वन विद्यालय, तिवारी पेट्रोल पंप, काली चट्टान रोड, ग्रीन सिटी, भग्गूडाना और आबकारी तिराहा मार्ग निर्धारित किया गया है।

मुलताई क्षेत्र से आने वाले वाहन परतापुर, बैतूल बाजार, एलबी लॉन, बडोरा चौक एवं गेंदा चौक मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। वहीं इंदौर हाईवे की ओर से आने वाले वाहन तितली चौराहा, करबला मार्ग, डॉन बॉस्को स्कूल एवं राम बोले चौक मार्ग से आवागमन कर सकेंगे।

थाना यातायात बैतूल ने आमजन से अपील की है कि रिहर्सल के दौरान प्रतिबंधित मार्गों का उपयोग न करें तथा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचें। साथ ही यातायात नियमों का पालन कर प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करें, ताकि सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.