राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत आयुष्मान भारत उमंग स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम के तहत दमोह जिले में आयोजित शिक्षकों के तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण का समापन समारोहपूर्वक प्रमाण-पत्र वितरण के साथ संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को किशोर स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, पोषण, जीवन कौशल, लैंगिक समानता, स्वास्थ्य संवर्धन एवं विद्यालय स्तर पर स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के प्रभावी संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में डॉ. रमेश व्यास एवं श्री दिलीप जोशी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने प्रतिभागियों को कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं की गहन एवं प्रभावी जानकारी देकर उनकी समझ को और अधिक सशक्त बनाया।
प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की अधिकारी डॉ. रीता चटर्जी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं महत्व पर प्रकाश डाला।
वहीं बीजीएमएस संस्था से ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर श्री कुशल दांगी एवं श्री अविनाश वर्मा ने प्रशिक्षण के सफल संचालन में सक्रिय सहभागिता निभाई तथा विभिन्न सत्रों के समन्वय में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
यह प्रशिक्षण मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश कुमार आठ्या एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ रीता चटर्जी के मार्गदर्शन तथा प्रभारी जिला समन्वयक श्री नरेश राठौर के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के आयोजन, समन्वय एवं व्यवस्थाओं में ग्राम भारती महिला मंडल की टीम का विशेष योगदान रहा।
समापन समारोह में प्रतिभागी शिक्षकों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा उन्हें अपने-अपने विद्यालयों में स्वास्थ्य एवं कल्याण गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव को विद्यार्थियों तक पहुंचाकर स्वस्थ एवं जागरूक विद्यालय वातावरण के निर्माण का संकल्प लिया।