जीवन रक्षक प्रकल्प ऑटो एम्बुलेंस के मुलताई में 6 साल पूरे

250 से अधिक दुर्घटनाओं में दौड़ी ऑटो एम्बुलेंस
समाजसेवी दीपेश बोथरा के संयोजन से मुलताई में कुशल संचालन

बैतूल। जिले की अग्रणी सामाजिक संस्था बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति के जीवन रक्षक प्रकल्प ऑटो एम्बुलेंस योजना के मुलताई में 6 साल पूरे हो गए है। समाजसेवी दीपेश बोथरा के द्वारा पिछले 6 वर्षों से मुलताई में ऑटो एम्बुलेंस योजना का संचालन किया जा रहा है। समाजसेवी श्री बोथरा बताते है कि 5 जनवरी 2020 से मुलताई में ऑटो एम्बुलेंस योजना का मुलताई में संचालन प्रारंभ किया गया था। बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति द्वारा अक्टूबर 2016 से ऑटो एम्बुलेंस योजना की शुरुआत बैतूल जिला मुख्यालय पर की थी। मुलताई में आए दिन होने वाले सडक़ हादसों की वजह से घायलों को तत्परता से हास्पीटल पहुंचाने की इस पहल को मुलताई में प्रारंभ करने के लिए जब उनसे सहयोग मांगा गया तो उन्होंने सहर्ष जनसेवा के उद्देश्य से संचालित योजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी उठाने सहमति दी। बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति की अध्यक्ष गौरी बालापुरे पदम, सचिव भारत पदम, कोषाध्यक्ष जमुना पंडाग्रे, सह सचिव ईश्वर सोनी सहित अन्य वरिष्ठ सदस्यों ने मुलताई के ऑटो चालकों से सम्पर्क करने के बाद योजना की कार्ययोजना से अवगत कराया और इसके बाद 5 जनवरी 2020 से ऑटो एम्बुलेंस मुलताई में भी दौडऩे लगी।

250 सडक़-ट्रेन हादसों में मिली ऑटो एम्बुलेंस की मदद
समाजसेवी दीपेश बोथरा बताते है कि 5 जनवरी 2020 से प्रारंभ होकर जनसेवा के उद्देश्य से लगातार ऑटो एम्बुलेंस योजना संचालित है। योजना के 6 वर्ष पूर्ण होने पर अब तक लगभग 250 से अधिक व्यक्तियों को उपचार हेतु अस्पताल पहुँचाया गया है। इस सेवा का लाभ केवल मनुष्यों तक सीमित नहीं रहा बल्कि बंदर, हिरण एवं गाय जैसे बेजुबान जीवों को भी समय पर उपचार उपलब्ध कराया गया है। साथ ही शव परिवहन जैसी विशेष स्थिति में भी ऑटो एंबुलेंस द्वारा सेवा दी जाती है। इस सेवा कार्य को प्रोत्साहित करने हेतु पूरे बैतूल जिले में कहीं भी ऑटो एम्बुलेंस से शव परिवहन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल द्वारा 1000 रुपए प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। गौरतलब है कि योजना के अंतर्गत किसी भी प्रकार की दुर्घटना में घायल अथवा

अचानक बीमार व्यक्ति को ऑटो एंबुलेंस के माध्यम से त्वरित रूप से अस्पताल पहुंचाया जाता है, जिससे समय पर उपचार संभव हो पाता है। इस सेवा में सहयोग देने वाले ऑटो चालकों को प्रोत्साहन राशि 200 से 300 रुपए मुलताई में दीपेश बोथरा एवं आंशिक रुप से समिति द्वारा प्रदान की जाती है। संस्था अध्यक्ष गौरी पदम कहती है कि श्री बोथरा एवं ऑटो चालकों का निस्वार्थ भाव से निरंतर सहयोग प्राप्त होने के कारण ही यह जीवन रक्षक योजना सफलतापूर्वक संचालित हो पा रही है।