विधायक ने दिया बच्चों को पास होने का मन्त्र : घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा उईके पहुंची…

उत्कृष्ट विद्यालय शाहपुर में ‘परीक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम आयोजित

विद्यार्थियों को विधायक का मंत्र – ‘काम पेंडिंग न रखें, निराशा से बचें’

 

शाहपुर । उत्कृष्ट विद्यालय शाहपुर में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव टेलीकास्ट ‘परीक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्रीय विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उईके भी उपस्थिति रही। इसके पश्चात विधायक ने विद्यार्थियों से संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक चुनौतियों को सुना और उन्हें परीक्षा के तनाव से बचने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

विधायक उईके ने विद्यार्थियों से पूछा कि उन्हें पढ़ाई में कौन-कौन सी कठिनाइयाँ आती हैं। इस पर विद्यार्थियों ने बताया कि वे पढ़ाई तो करते हैं, लेकिन याद नहीं रहता, साथ ही यह भी समझ नहीं आता कि पढ़ाई कहां से शुरू करें और कहां खत्म करें। इस पर विधायक ने विद्यार्थियों को सलाह देते हुए कहा कि पढ़ाई और अन्य कार्यों को पेंडिंग न रखें, क्योंकि इससे मानसिक दबाव कम होगा और याददाश्त बेहतर बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि जब दिमाग पर बोझ नहीं रहेगा तो वह तेज गति से कार्य करेगा और आत्मविश्वास बना रहेगा।

विद्यालय प्रभारी की अनुपस्थिति पर विधायक नाराज

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य दिलीप सूर्यवंशी की अनुपस्थिति को लेकर विधायक उईके ने नाराजगी जताई। उन्होंने विद्यालय प्रशासन पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि विद्यार्थियों के लिए इस तरह के महत्वपूर्ण कार्यक्रम में विद्यालय के प्रमुख जिम्मेदार अधिकारी का नदारद रहना

अनुशासनहीनता को दर्शाता है। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से इस संबंध में जानकारी मांगी और गैरहाजिर रहने वाले प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने विधायक से अन्य शैक्षणिक विषयों पर भी चर्चा की और परीक्षा की तैयारी से संबंधित मार्गदर्शन प्राप्त किया।