सभी अधिकारी अपने कार्यों के भूमिपूजन एवं शिलान्यास से पूर्व जनप्रतिनिधियों को स्थल निरीक्षण करा कर कार्य की जानकारी देवे – अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री केसरी
===================================
अपर मुख्य सचिव श्री अजीत केसरी की अध्यक्षता में विकास कार्यों की संभागीय समीक्षा बैठक संपन्न
===================================
अपर मुख्य सचिव श्री अजीत केसरी की अध्यक्षता में सोमवार को नर्मदापुरम संभाग की संभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक गणों एवं अधिकारियों के बीच विकास कार्यों को लेकर बेहतर समन्वय की बात कही गई। अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अजीत केसरी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने निर्माण कार्यों एवं अन्य कार्यों के शिलान्यास भूमि पूजन से पूर्व सभी जनप्रतिनिधियों को उस कार्य से अवगत कराए। जनप्रतिनिधियों को अनिवार्यता स्थल विजिट कराए और जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों को प्राथमिकता से अमल में लाएं।
बैठक में राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, नर्मदापुरम विधायक डॉ सीतासरन शर्मा, सोहागपुर विधायक श्री विजयपाल सिंह, पिपरिया विधायक श्री ठाकुरदास नागवंशी, सिवनीमालवा विधायक श्री प्रेम शंकर वर्मा, बैतूल, भैंसदेही एवं आमला के विधायक गण तथा नर्मदापुरम संभाग कमिश्नर डॉ पवन कुमार शर्मा, अपर आयुक्त श्री आरपी सिंह, कलेक्टर नर्मदापुरम सोनिया मीना, कलेक्टर बैतूल श्री नरेंद्र सूर्यवंशी, हरदा कलेक्टर श्री आदित्य सिंह एवं संभाग के तीनों जिलों के जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मौजूद थे।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री केसरी ने बताया कि मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप संभाग एवं जिले में हो रही प्रगति एवं कार्य में आ रही बाधाओं की रिपोर्ट मुख्यमंत्री जी को प्रस्तुत की जाएगी। उन्होंने बताया की कोई भी निर्माण कार्य में बजट की कमी नहीं आने दी जाएगी। आवश्यक बजट एवं स्वीकृति के अभाव में कोई भी कार्य नहीं रुकेंगे।
बैठक में विधायक डॉक्टर सीता सरन शर्मा ने एस्ट्रो ट्रक की स्वीकृति एवं एक्सीलेंस स्कूल में 60% से कम अंक लाने वाले बच्चों के एडमिशन का मुद्दा उठाया, उन्होंने बताया कि स्कूल में सीट निर्धारित है। कम प्रतिशत वाले बच्चे का एडमिशन नहीं हो रहा है। उन्होंने ट्रेंचिग ग्राउंड की समस्या बताते हुए कहा कि इसके लिए मशीन आ गई है। 6 करोड़ रुपए की राशि भी आई है। उन्होंने कहा कि ड्रेचिग ग्राउंड में बाउंड्री वॉल बनाना आवश्यक है। डॉक्टर शर्मा ने बताया कि कॉलोनी नाइजर पर रिकवरी निकलती है लेकिन वसूली नहीं हो रही है। उन्होंने स्ट्रीट डॉग की समस्या की ओर भी सभी का ध्यान आकर्षित कराया। डॉक्टर शर्मा ने कहा कि गरीब लोग कचरा बीन कर गुजारा कर रहे हैं उनके घर पर टीन शेड डाला गया है, उन्होंने उन गरीब लोगों को निराश्रित निधि से आर्थिक सहायता देने की मांग की। श्री केसरी ने कलेक्टर को निर्देश दिए की संपूर्ण मामले का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। बैठक में हाउसिंग बोर्ड के मकान में रहने वालों की समस्या के संबंध में जानकारी दी गई। वही खोजनपुर फेफरताल, किशनपुरा, मालाखेड़ी के निवासियों को आबादी के पट्टे देने की मांग की गई। बाढ़ प्रभावित लोगों के पट्टे देने की भी बात कही गई। कमिश्नर डॉक्टर पवन शर्मा ने बताया कि शासन के नियम के तहत पट्टे अभी नहीं दिए जा सकते हैं, फिर भी आवश्यक प्रशिक्षण कर समस्या का उचित समाधान किया जाएगा। श्री केसरी ने जर्जर सरकारी आवास को तोड़ने के पूर्व सर्वे कर परीक्षण कराने के निर्देश दिए।
सिवनी मालवा विधायक श्री प्रेम शंकर वर्मा ने तवा नगर में स्थापित कॉलोनियों का मुद्दा उठाते हुए बताया कि ऐसे स्थानों को राजस्व ग्राम घोषित किया जाए, राजस्व ग्राम घोषित होने से वहां के लोगों को अन्य सुविधाएं मिल पाएगी। कलेक्टर ने अवगत कराया की जमीन वन विभाग की है और वहां पर 3 से 5 हजार की आबादी बसी हुई है। श्री केसरी ने निर्देश दिए की संपूर्ण मामले का परीक्षण करा कर वन विभाग से डी नोटिफिकेशन कराया जाए। वन विभाग से निकालकर जमीन राजस्व ग्राम में परिवर्तित होगी। डॉक्टर सीता सरन शर्मा ने साकेत एवं रायपुर की जमीन को आबादी की जमीन घोषित करने की मांग की। डॉ शर्मा ने बताया कि इटारसी एवं होशंगाबाद में ऑक्सीजन प्लांट बंद है। मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि कर्मचारियों की तैनाती न होने के कारण ऑक्सीजन प्लांट बंद है। कमिश्नर डॉक्टर पवन कुमार शर्मा ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए की तत्काल प्लांट चालू कराकर कर्मचारी की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
सोहागपुर विधायक श्री विजयपाल सिंह ने बताया कि उनके क्षेत्र में नामांकन, बटवारा सीमांकन की स्थिति अत्यंत खराब है। एक साल तक के आवेदन लगे हैं लेकिन निराकरण नहीं हो रहा है। आमला विधायक ने भी बताया कि कई जगह खसरा नक्शा गलत है। व्यक्तियों के गलत नाम चढ़ गए हैं, तो त्रुटि पूर्ण नाम चढ़ा दिए गए हैं। उन्हें सुधारा जाए। कमिश्नर डॉक्टर पवन कुमार शर्मा ने सभी विधायकों को आश्वासन दिया कि नामांकन सीमांकन बटवारा के प्रकरण वे व्यक्तिगत रूप से देखेंगे और उसका निराकरण करेंगे। उन्होंने कहा कि अगले 30 दिन में सभी जिले के कलेक्टर तहसील कार्यालय में जाकर अद्यतन स्थिति की जानकारी से अवगत होंगे।
विधायक श्री विजयपाल ने बताया कि सीमांकन मशीन को पटवारी एवं राजस्व कर्मचारी अपने हिसाब से सेट करते हैं। इससे आए दिन झगड़े की नौबत आ रही है। उन्होंने स्थापित ग्राम खामला का भी मुद्दा उठाया और बताया कि सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र में नल जल योजना बंद पड़ी है और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा इसकी मॉनिटरिंग भी नहीं की जा रही है। कमिश्नर डॉ पवन कुमार शर्मा ने निर्देश दिए की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग चालू नल जल योजनाओं की जानकारी से सभी विधायकों को अवगत कराए और स्थल निरीक्षण भी कराए।
विधायक गणों द्वारा सिकमी नामा पर आपत्ति दर्ज की गई। कलेक्टर सोनिया मीना ने बताया कि सिकमी नामा बिना तहसीलदार के सत्यापन के नहीं हो सकता है। अतः सिकमी लेने वाले किसान अनिवार्य रूप से तहसीलदार से सिकमी नामा का सत्यापन कराए।
सिवनीमालवा विधायक श्री प्रेम शंकर वर्मा ने बताया कि अनुपूरक बजट में 15 करोड़ रुपए की सड़क स्वीकृत हुई थी, लेकिन अभी तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत काला आखर में बनी सड़क का मुद्दा उठाते हुए बताया कि सड़क 1 साल के अंदर ही उखड़ गई है। श्री केसरी ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि वह सड़क का परीक्षण करवा लेवे। श्री वर्मा ने बताया कि नर्मदा पुरम से टिमरनी तक फोरलेन बनाया जाएगा, मुख्यमंत्री कि घोषणा है। लेकिन अभी तक इसकी शुरुआत नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि सात उप स्वास्थ्य केंद्र सिवनी मालवा में स्वीकृत हुए थे लेकिन अभी एक का भी कार्य पूर्ण नहीं हुआ है। श्री केसरी ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि वह उप स्वास्थ्य केंद्र की निर्माण एजेंसी के बारे में विधायक को अवगत कराए। श्री वर्मा ने डोलरिया महाविद्यालय में कॉमर्स एवं साइंस का विषय शुरू करवाने की मांग की।
पिपरिया विधायक श्री ठाकुरदास नागवंशी ने बताया कि सीएम राइज स्कूल निर्माण में पीली मिट्टी की बजाय काली मिट्टी का प्रयोग हो रहा है जो की टिकाऊ नहीं है। पिपरिया एवं बांसखेड़ी ओवर ब्रिज में अभी से राड निकल गई है। उन्होंने बताया कि सीएम राइज स्कूल की बस कंडम है, फिटनेस ठीक नहीं है। बनखेड़ी एवं पिपरिया में खेल मैदान के संबंध में उन्होंने जानकारी ली।
सभी विधायकों ने अवगत कराया कि स्थानीय बच्चों का सीएम राइज स्कूल में एडमिशन नहीं हो रहा है लॉटरी सिस्टम से एडमिशन हो रहे हैं। अतः प्राथमिकता से स्थानीय बच्चों का एडमिशन कराया किया जाए। प्रधानमंत्री आवास के लिए बैलगाड़ी से रेत परिवहन को स्वीकृति प्रदान करने की मांग की गई।
बैठक में नर्मदा पुरम बैतूल एवं हरदा जिले के संबंधित अधिकारी गण भी मौजूद थे।







