थानों की सीमाओं जिलों,संभागों की सीमाओं का होगा पुनर्निर्धारण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा संभाग और जिलों की सीमाओं का होगा पुनर्निर्धारण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में आवश्यकता के अनुसार संभाग और जिलों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण किया जाएगा। इसके लिये कमेटी बनाकर अध्ययन कराया जायेगा। इस कार्य की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इंदौर संभाग से की जायेगी। उन्होंने थानों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री इंदौर संभाग के खरगोन में आयोजित संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इस बैठक में उन्होंने संभाग में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति के साथ ही कानून व्यवस्था की भी समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि संभाग स्तरीय समीक्षा बैठकों के बाद अब जिला स्तर पर भी इस तरह की समीक्षा बैठक आयोजित की जायेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में पुलिस का अपना बैंड होना चाहिये। डॉ. यादव ने कहा कि अपराधों पर प्रभावी निगरानी एवं अपराधों की ट्रेसिंग के लिये अब गांवों के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर भी पंचायतों के माध्यम से सीसीटीवी कैमरे लगवाये जायें।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आगामी सिंहस्थ के मद्देनजर ओंकारेश्वर में नये घाट निर्माण और दर्शन की सुलभ व्यवस्था के लिये कार्ययोजना बनायी जाये। उन्होंने दर्शनार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के भी निर्देश दिये। प्रत्येक जिलों में साइबर थानों की स्थापना पर भी चर्चा की गई।







