मध्‍यप्रदेश में हुआ मंत्रिमंडल के सदस्‍यों के लिए विभागों का आवंटन

मध्‍यप्रदेश के मुख्‍यमंत्री डॉ0 मोहन यादव ने अपने मंत्रिमंडल के सदस्‍यों के लिए विभागों का आवंटन किया

मध्‍यप्रदेश के मुख्‍यमंत्री डॉक्‍टर मोहन यादव ने अपने मंत्रिमण्‍डल के सदस्‍यों के लिए विभागों का आवंटन कर दिया है। उन्‍होंने प्रशासन, गृह, जेल, औद्योगिक नीति और निवेश संवर्धन, जन-सम्‍पर्क, नर्मदा घाटी विकास, विमानन, खनिज संसाधन, लोकसेवा प्रबंधन और प्रवासी भारतीय कार्य विभाग अपने पास रखे हैं। इसके अलावा वे सभी विभाग भी डाक्‍टर यादव के पास ही रहेंगे, जिनका आवंटन किसी मंत्री को नही किया गया है।

उप-मुख्‍यमंत्री जगदीश देवड़ा को वित्‍त, वाणिज्यिक कर, आयोजना, आर्थिकी और सांख्यिकी विभाग का उत्तरदायित्व सौंपा गया है।

एक अन्‍य उप-मुख्‍यमंत्री राजेन्‍द्र शुक्‍ला को लोक स्‍वास्‍थ्‍य और परिवार कल्‍याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

कैलाश विजयवर्गीय को एक बार फिर नगरीय विकास एवं आवास विभाग कमान दी गई है। जबकि, प्रहलाद सिंह पटेल पंचायत एवं ग्रामीण विकास और राकेश सिंह लोक निर्माण विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे।