Sarni : स्वच्छ भारत अभियान को ठेंगा दिखा रहीं सारनी नगरपालिका
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लगातार स्वच्छ भारत अभियान को चलाया जा रहा है। वहीं मध्यप्रदेश का इंदौर शहर भारत का सबसे स्वच्छ शहर रहने का किर्तिमान लगातार हासिल कर रहा है, किंतु इसी मध्यप्रदेश में भाजपा शासित नगरपालिका परिषद सारनी के माध्यम से सारनी शहर के वार्ड क्रमांक 13 में मौजूद जंगल में बड़े पैमाने पर कचरा जमा किया जा रहा है। जिससे आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है और बिमारियों के पनपने का खतरा भी मंडरा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए वार्ड क्रमांक 13 सारनी निवासी पर्यावरणविद् आदिल खान ने बताया कि उनकी कालोनी के पास मौजूद जंगल में नगरपालिका सारनी पिछले कुछ समय से कचरा डंप कर रहीं हैं।
जबकि नियमानुसार नगरपालिका क्षेत्र में ट्रेचिंग ग्राउंड होता है जहां पर नगर पालिका कचरा जमा करती है, लेकिन इसके बाद भी सारनी नगरपालिका के माध्यम से ए•बी टाइप कॉलोनी में कचरा जमा करना नगर पालिका परिषद सारणी की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न चिन्ह खड़ा करता है। यह स्पष्ट रूप से स्वच्छ भारत अभियान के नियमों का उल्लंघन है और शहर को प्रदूषित करने का प्रयास है। नगरपालिका हर साल करोड़ों रुपए स्वच्छ भारत अभियान के नाम पर खर्च करती है, उसके बाद भी शहर में गंदगी फैली हुई है।
जिस स्थान पर कचरा डंप किया जा रहा है ठीक उसके बाजू में ही सतपुड़ा जलाशय का क्षेत्र लगता है जिसमें पानी मौजूद है, ऐसे में बारिश में कचरे से होकर निकलने वाला ज़हरीला पानी भी सतपुड़ा जलाशय में मिलेगा। आदिल ने बताया कि अगर जल्द ही यहां से नगरपालिका परिषद सारनी के माध्यम से कचरा नहीं उठाया गया तो कालोनीवासियों के माध्यम से इस संबंध में बैतूल कलेक्टर से शिकायत की जाएगी।
