निवाड़ी में जिला स्तरीय साथिया समागम आयोजित

 

निवाड़ी, 21 सितंबर 2026। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK) के अंतर्गत जिला निवाड़ी में जिला स्तरीय साथिया समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर ने किशोर-किशोरियों के उत्तम शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने साथिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को बेहतर बनाने के लिए निरंतर जागरूकता एवं मार्गदर्शन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले साथिया को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में DHO-1 डॉ महेंद्र कुमार मल्हारिया एवं DPM श्री नितिन तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान अतिथियों को उमंग कॉर्नर एवं साथिया कॉर्नर की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए किशोर स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में पूर्व भाजपा अध्यक्ष श्री नंद किशोर नापित ने साथिया को जमीनी स्तर पर और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया तथा संस्था द्वारा किशोर स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया।

समागम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले मास्टर ट्रेनर, साथिया, आशा कार्यकर्ता, आशा सहयोगी एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले साथिया को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार भी वितरित किए गए।

ग्राम भारती महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल ने साथिया को विभिन्न गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही किशोरी बालिकाओं को सेनेटरी पैड का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में 5 सरपंच, 3 आशा सहयोगी, 7 आशा कार्यकर्ता, 5 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, 2 ANM, 2 स्टाफ नर्स, 1 MPW, 5 उमंग स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस एम्बेसेडर तथा 85 किशोर साथिया सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में ग्राम भारती महिला मंडल की ओर से संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल, संभागीय प्रतिनिधि श्री नितेश कुसम्हा, परियोजना समन्वयक प्रभुदयाल, परामर्शदाता अनुराधा सिंह एवं नीलम यादव तथा मास्टर ट्रेनर मोनिका सेन, प्रवृत्ति रैकवार, बबीता अहिरवार, जयवती कुशवाहा, संदीप अहिरवार, रोहित अहिरवार एवं अंकित खरे उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर ग्राम भारती महिला मंडल के संभागीय प्रतिनिधि श्री नितेश कुसम्हा ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने साथिया कार्यक्रम की आगामी गतिविधियों एवं कार्ययोजना की रूपरेखा विस्तार से समझाते हुए समुदाय स्तर पर किशोर स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को और प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए साथिया को प्रेरित किया।

समागम के माध्यम से किशोर-किशोरियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, जागरूकता और समुदाय में साथिया की भूमिका को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.