65 फीट के रावण का होगा दहन

सद्भावना नव दुर्गा उत्सव समिति फुटबॉल, पाथाखेड़ा में 65 फीट के रावण का होगा दहन

20 वर्षों से लगातार दुर्गा पूजा एवं रावण दहन का आयोजन कर रही है समिति।

सारनी । सद्भावना नव दुर्गा उत्सव समिति फुटबॉल, दशहरा मैदान पाथाखेड़ा द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी दुर्गा पूजा एवं रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। समिति लगातार 20 वर्षों से धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के माध्यम से क्षेत्र में उत्साह और सद्भावना का संदेश देती आ रही है। इस वर्ष भी 21 अक्टूबर को 65 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। कार्यक्रम में आकर्षक आतिशबाजी के साथ शानदार रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

इन दिनों रावण दहन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। रावण के पुतले के निर्माण एवं साज-सज्जा का कार्य सिद्धनाथ, शिवकुमार, कैलाश पाटील, रानू साहू, द्वारका राठौर पिंटू साहू सागर एवं रोहित द्वारा किया जा रहा है। समिति के सदस्य आपसी सहयोग और उत्साह के साथ रावण के विशाल पुतले के निर्माण में जुटे हुए हैं। पुतले को तैयार करने में लगभग 200 से 300 बांस, बड़ी मात्रा में गट्टे, करीब 10 से 20 किलो तार, 50 से 60 किलो रस्सी तथा 225 मीटर कपड़े का उपयोग किया जाता है। इतने विशाल पुतले को आकार देने के लिए समिति के सदस्य दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।

समिति के संरक्षक रणजीत सिंह एवं जी.पी. सिंह के मार्गदर्शन में सदस्य लक्ष्मण साहू, नंदकिशोर, राजा मस्तकर, रविशंकर एवं बाबू झा सहित समिति के छोटे-बड़े सदस्य आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं। समिति के सदस्यों ने बताया कि रावण दहन का आयोजन केवल धार्मिक परंपरा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपसी भाईचारे, सहयोग और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का माध्यम भी है। सभी सदस्य मिल-जुलकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं, जिससे आयोजन को भव्य और व्यवस्थित रूप दिया जा सके।

समिति ने क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

आकर्षक आतिशबाजी, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और 65 फीट के रावण दहन के साथ इस वर्ष का आयोजन क्षेत्रवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.