डिहाइड्रेशन, थकान और शरीर की गर्मी से बचाने में मददगार हैं ये प्राकृतिक बीज

गर्मियों में शरीर को ठंडा रखने के लिए इन बीजों का करें सेवन

डॉ नवीन वागद्रे

गर्मी का मौसम आते ही शरीर में पानी की कमी, अत्यधिक पसीना, थकान, कमजोरी, एसिडिटी और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ने लगती हैं। ऐसे समय में केवल पानी पीना ही पर्याप्त नहीं होता, बल्कि शरीर को अंदर से ठंडा रखने वाले प्राकृतिक खाद्य पदार्थों का सेवन भी आवश्यक होता है। आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा के अनुसार कुछ विशेष बीज (Seeds) गर्मियों में शरीर को ठंडक देने, ऊर्जा बनाए रखने और पाचन सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्राकृतिक चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ नवीन के अनुसार गर्मियों में सबसे अधिक लाभकारी बीजों में Chia Seeds और Basil Seeds प्रमुख हैं। ये बीज शरीर में लंबे समय तक हाइड्रेशन बनाए रखने में मदद करते हैं। चिया सीड्स में भरपूर मात्रा में फाइबर और ओमेगा-3 फैटी एसिड पाए जाते हैं, जबकि सब्जा सीड्स शरीर की गर्मी कम करने और पेट को ठंडक देने के लिए प्रसिद्ध हैं।

डॉ. वागद्रे बताते हैं कि गर्मियों में लोग अक्सर डिहाइड्रेशन और इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन का शिकार हो जाते हैं। ऐसे में भीगे हुए चिया या सब्जा सीड्स को नींबू पानी, नारियल पानी या छाछ में मिलाकर सेवन करने से शरीर को प्राकृतिक रूप से ठंडक और ऊर्जा मिलती है।

इसके अलावा Fennel Seed भी गर्मियों के लिए अत्यंत लाभकारी माना जाता है। सौंफ पेट की गर्मी कम करने, गैस और एसिडिटी से राहत देने तथा पाचन सुधारने में मदद करती है। कई लोग रातभर सौंफ को पानी में भिगोकर सुबह उसका पानी पीते हैं, जिससे शरीर को शीतलता मिलती है।

वहीं Pumpkin Seed और Sunflower Seed शरीर को जरूरी मिनरल्स, मैग्नीशियम, जिंक और विटामिन E प्रदान करते हैं। ये बीज गर्मियों में कमजोरी और थकान को कम करने के साथ-साथ त्वचा को धूप के नुकसान से बचाने में भी सहायक माने जाते हैं।

सावधानी भी जरूरी
विशेषज्ञों के अनुसार गर्मियों में बीजों का सेवन संतुलित मात्रा में ही करना चाहिए। अत्यधिक मात्रा में तिल और अलसी जैसे गर्म तासीर वाले बीजों का सेवन शरीर में अतिरिक्त गर्मी पैदा कर सकता है।
प्राकृतिक चिकित्सा विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इन बीजों को नियमित रूप से संतुलित आहार में शामिल किया जाए तो गर्मियों में शरीर को ठंडा रखने, पाचन बेहतर बनाने और ऊर्जा बनाए रखने में काफी मदद मिल सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.