*उमंग स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम का गरिमामय समापन, शिक्षकों को प्रमाण पत्र वितरित*

 

जिला बैतूल (सारनी)। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत आयुष्मान भारत “उमंग स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम” के तहत आयोजित हेल्थ एंड वेलनेस एम्बेसडर प्रशिक्षण का तृतीय एवं अंतिम दिवस दिनांक 21 मार्च 2026 को उत्साहपूर्वक एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में अध्ययनरत किशोर-किशोरियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा शिक्षकों को इस दिशा में प्रभावी मार्गदर्शक के रूप में तैयार करना रहा।

प्रशिक्षण के तृतीय दिवस की शुरुआत पिछले दिवस के रीकैप के साथ हुई, जिसमें प्रतिभागियों द्वारा पूर्व में प्राप्त ज्ञान को दोहराया गया और उससे जुड़े अनुभव साझा किए गए। इसके पश्चात RTI/STI जैसे महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, जिससे शिक्षकों को किशोरों के बीच इन विषयों पर जागरूकता फैलाने में सहायता मिल सके।
इसके साथ ही “तनाव क्या है”, उसके प्रमुख कारण एवं उससे निपटने के प्रभावी उपायों पर गहन चर्चा की गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि वर्तमान समय में किशोरावस्था के दौरान तनाव एक सामान्य समस्या बनती जा रही है, ऐसे में समय रहते सही मार्गदर्शन एवं प्रबंधन तकनीकों की जानकारी अत्यंत आवश्यक है। शिक्षकों को यह भी समझाया गया कि वे

विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित कर उनके मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के महत्व पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, स्वच्छता एवं सकारात्मक सोच जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए प्रतिभागियों को व्यवहारिक जीवन में इन्हें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षण को रोचक एवं सहभागी बनाने हेतु खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिससे प्रतिभागियों में उत्साह एवं ऊर्जा का संचार हुआ। समापन सत्र के दौरान श्रीमती जागृति त्रिवेदी (जिला समन्वयक, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम,

टीकमगढ़) द्वारा सभी प्रतिभागी शिक्षकों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक ऐसी पहल है जो विद्यालय स्तर पर बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने सभी शिक्षकों से अपेक्षा की कि वे इस प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभवों का उपयोग अपने-अपने विद्यालयों में प्रभावी रूप से करें और विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करें। तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रतिभागियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं

उपयोगी बताया। कार्यक्रम का समापन सकारात्मक संदेश एवं नई ऊर्जा के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने किशोर स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित दो बैचों के सफल संचालन में ओ.पी. अनुरागी (CMHO), के.एम. वरुण (DHO-2), एच. चौहान (जिला शिक्षा अधिकारी), पी.आर. त्रिपाठी (DPC), मनोज गुप्ता (APC), DAM टीकमगढ़, जागृति त्रिवेदी (जिला समन्वयक), प्रभुदयाल कुशवाह, जयराम पाल, सुनील पाल (MT) एवं नेहा तिवारी, रेखा शर्मा (काउंसलर) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके सहयोग, समन्वय एवं मार्गदर्शन से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं प्रभावी रूप से संपन्न हो सका।

इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष
भारती अग्रवाल सहित समस्त टीम द्वारा सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया।