*बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान अंतर्गत पिंक लाइसेंस ड्राइव का शुभारंभ, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल*
बैतूल। महिला एवं बाल विकास विभाग, बैतूल के सहयोग से “बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ” अभियान के अंतर्गत पिंक लाइसेंस ड्राइव कार्यक्रम के तहत संस्था ग्राम भारती महिला मंडल को 15 दिवसीय ड्राइविंग प्रशिक्षण कार्यक्रम प्राप्त हुआ है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से शक्ति सदन (स्वाधार गृह), शासकीय महाविद्यालय बागडोना सारणी एवं आई.टी.आई. कॉलेज घोड़ाडोंगरी की कुल 35 छात्राओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। यह प्रशिक्षण केवल वाहन चलाने की कला सिखाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य बेटियों में आत्मविश्वास जगाना, उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने के लिए प्रेरित करना और समाज में सशक्त भूमिका निभाने के लिए तैयार करना भी है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ आज दिनांक 16 मार्च 2026 को शासकीय महाविद्यालय बागडोना, सारणी में महिला एवं बाल विकास विभाग बैतूल के सहायक संचालक श्री विवेक ऊईके एवं संस्था ग्राम भारती महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग बैतूल के सहायक संचालक श्री विवेक ऊईके की विशेष उपस्थिति के साथ।
संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल एवं संस्था कोषाध्यक्ष श्रीमती नंदा सोनी ने महाविद्यालय में उपस्थित छात्राओं से संवाद करते हुए ड्राइविंग प्रशिक्षण के महत्व तथा इससे मिलने वाले रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने भविष्य को सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया साथ ही छात्राओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न प्रशिक्षणों की जानकारी दी। इसमें मेहंदी कला, डेकोरेशन सामग्री, हाथ कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर एवं आकर्षक रंगोली बनाना जैसे कौशल शामिल हैं। इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य श्री प्रदीप पंद्राम एवं समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।कार्यक्रम प्रभारी डॉ. हरीश लोखंडे ने बताया कि यह शिविर जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला एवं बाल विकास विभाग) एवं ग्राम भारती महिला मंडल के तत्वावधान में आयोजित किया गया यह कार्यक्रम जिसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं को व्यावहारिक कौशल प्रदान कर उन्हें स्वावलंबी बनाना है। महिला एवं बाल विकास विभाग, बैतूल के सहायक संचालक श्री विवेक ऊईके ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि छात्राओं को 15 दिवसीय ड्राइविंग प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसे पूर्ण करने पर उन्हें प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रशिक्षकों की व्यवस्था भी की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्रा सिमरन बरखे एवं सेवंती मर्सकोले ने तुरंत ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण के लिए अपना पंजीयन कराया। इस प्रेरणादायक कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस प्रशिक्षण का लाभ शक्ति सदन (स्वाधार गृह) में निवासरत 6 बालिकाएं भी प्राप्त कर रही हैं, जिससे उन्हें जीवन में आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल ने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग बैतूल के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री गौतम अधिकारी की प्रेरणा और पहल से संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक हैं। जब एक बेटी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ती है तो वह केवल अपना ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य उज्ज्वल बनाती है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही सभी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि यह पहल उनके जीवन में नए अवसरों के द्वार खोलेगी। यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम के पश्चात महिला एवं बाल विकास विभाग, बैतूल के सहायक संचालक श्री विवेक ऊईके ने संस्था ग्राम भारती महिला मंडल, शोभापुर कॉलोनी पाथाखेड़ा का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने संस्था द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने परिवार परामर्श केंद्र की फाइलों एवं कार्यप्रणाली का निरीक्षण करते हुए कार्यों की सराहना की। भ्रमण के दौरान उन्होंने शक्ति सदन (स्वाधार गृह) में निवासरत महिलाओं एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित आचार निर्माण इकाई, सैनिटरी पैड निर्माण, हस्तशिल्प सामग्री तथा अन्य आजीविका आधारित गतिविधियों को भी देखा और इन प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने संस्था द्वारा किए जा रहे महिला सशक्तिकरण के कार्यों को सराहनीय बताते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं तथा अपने अनुभव साझा करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में संस्था ग्राम भारती महिला मंडल में एक विशेष कैंप का आयोजन कर शक्ति सदन (स्वाधार गृह) में निवासरत महिलाओं के प्रधानमंत्री जन धन योजना के अंतर्गत सफलतापूर्वक बैंक खाते भी खुलवाए गए, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनने में सहायता मिलेगी। इस अवसर पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक श्री अजय ऊईके की विशेष उपस्थिति रही। साथ ही कियोस्क संचालक श्री मनोज भट्टाचार्य एवं उनकी टीम की उपस्थिति में महिलाओं के बैंक खाते सफलतापूर्वक खोले गए।







