पहले टी-20 मुकाबले में नर्मदापुरम ने हरदा को 35 रनों से हराया

 

जिला नर्मदापुरम। नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वाधान में आयोजित सीनियर मेंस जिला स्तरीय टी-20 प्रतियोगिता आज से नर्मदापुरम के एमपीसीए ग्राउंड पर प्रारंभ हुई।नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट संघ के मानसेवी सचिव प्रदीप तोमर ने बताया कि व्हाइट बाल टी 20 इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट प्रतियोगिता के माध्यम से संभाग की टीम का चयन किया जाता है जो आगामी 16 मार्च से एमपीसीए द्वारा आयोजित जे एन भाया टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी।उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर मुख्य अतिथि एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी सदस्य अनुराग मिश्रा और नर्मदापुरम जिला क्रिकेट संघ अध्यक्ष राजेश चौरे ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर शुभकामनाएं दी।

प्रतियोगिता का पहला मैच नर्मदापुरम और हरदा के मध्य खेला गया जिसमें हरदा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया।पहले बल्लेबाजी करते हुए नर्मदापुरम टीम ने कप्तान राहुल चंद्रौल के शानदार 74 रन,अथर्व महाजन 36 रन,गौतम बौरासी के 25 और संदीप कैथवास के 20 रनों की मदद से निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 220 रन बनाए और 221 रनों का लक्ष्य हरदा को दिया। हरदा के गेंदबाज ज़ोइब ने 4 ओवर में 43 रन देकर 3 विकेट,संजय मानिक ने 3 ओवर में 36 रन देकर 2 विकेट और अक्षत सोलंकी ने 3 ओवर में 1 विकेट हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए हरदा की टीम 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 185 रन ही बना सकी जिसमें सोहेल खान ने 50 रन,चंदन संगोले ने 43 रन और अक्षत सोलंकी ने 26 रनो का योगदान अपनी टीम को दिया।

नर्मदापुरम टीम को गौरव दशोरे एवं संदीप कैथवास ने 2-2 और ऋत्विक दीवान,कार्तिक राजोरिया एवं प्रवीण यादव को 1-1 सफलता प्राप्त हुई।शानदार 74 रनों की पारी खेलने पर कप्तान राहुल चंद्रौल को मेन ऑफ द मैच चुना गया।नर्मदापुरम टीम ने 35 रनों से मैच जीता।इस दौरान एमपीसीए ग्राउंड पर सिलेक्शन कमेटी चेयरमैन संजय नाफडे,सुनील कलोसिया,अंपायर नितेश राजपूत और फजल खान एवं स्कोरर दिनेश वर्मा सहित ग्राउंड स्टाफ और दर्शक गण मौजूद रहे।