अंतरराष्ट्रीय मंच पर हंगामे से देश की छवि को नुकसान – मनीष मिसर

बैतूल। भाजपा सोशल मीडिया जिला सह संयोजक मनीष मिसर ने #IndiaAISummit2026 के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जिस समय पूरा विश्व भारत की तकनीकी उपलब्धियों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में तेज़ी से बढ़ते कदमों को देख रहा था, उस समय इस प्रकार का अर्धनग्न प्रदर्शन देश की गरिमा के विरुद्ध है।
मनीष मिसर ने कहा कि भारत आज वैश्विक मंच पर एक सशक्त तकनीकी शक्ति के रूप में उभर रहा है। ऐसे महत्वपूर्ण अवसर पर राजनीतिक विरोध दर्ज कराने का यह तरीका न केवल अनुचित है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि को भी आघात पहुँचाने वाला है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब जनसमर्थन खो चुकी है और एक परिवार-केंद्रित राजनीति में उलझी हुई है। जब तर्क और मुद्दे कमजोर पड़ जाते हैं, तब इस प्रकार के प्रतीकात्मक और उत्तेजक प्रदर्शन को रणनीति के रूप में अपनाया जाता है।
मिसर ने कहा कि सत्ता की राजनीति में मर्यादा का पालन आवश्यक है। लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सबको है, लेकिन वह देश की प्रतिष्ठा से ऊपर नहीं हो सकता। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भारत की छवि और सम्मान किसी भी राजनीतिक दल या व्यक्ति से बड़ा है।

अंत में उन्होंने कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि है और राजनीतिक दलों को अपने आचरण में इस भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।