*आयुष्मान भारत उमंग स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम के अंतर्गत तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण का गरिमामय समापन, शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को वितरित किए गए प्रमाण पत्र*
सागर।
आयुष्मान भारत उमंग स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम के अंतर्गत जिले स्तर पर आयोजित शिक्षक एवं शिक्षिकाओं के तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण का समापन समारोह अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा उन्हें विद्यालय स्तर पर स्वास्थ्य एवं कल्याण गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रेरित किया गया।
समापन समारोह में विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर अखिलेश पाठक (डाइट प्राचार्य), डॉ. ममता तिमोरी (सीएमएचओ), डॉ. जी.पी. (डी.एच.ओ.), आशुतोष घूटे (डी.पी.एम.), सुरभि साहू (डी.सी.) तथा आर.के. असाटी (सीनियर व्याख्याता) विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी वक्ताओं ने प्रशिक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पहल विद्यालयों में किशोर-किशोरियों के समग्र स्वास्थ्य, मानसिक सशक्तिकरण एवं जीवन कौशल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने शिक्षक एवं शिक्षिकाओं से आग्रह किया कि वे प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं कौशल को विद्यालयों में लागू करते हुए विद्यार्थियों के बीच स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाएँ।
तीन दिवसीय इस आवासीय प्रशिक्षण में विभिन्न स्वास्थ्य विषयों, किशोरावस्था संबंधी मुद्दों, जीवन कौशल शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई, जिससे शिक्षक एवं शिक्षिकाएं अब अपने विद्यालयों में हेल्थ एंड वेलनेस गतिविधियों को और अधिक प्रभावी रूप से संचालित कर सकेंगे।
समापन समारोह के साथ ही यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले में विद्यालय आधारित स्वास्थ्य एवं कल्याण पहल को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।







