*टीकमगढ़ में हेल्थ एंड वेलनेस एम्बेसडर प्रशिक्षण का सफल समापन, शिक्षकों को मिले प्रमाण पत्र*

टीकमगढ़, 18 फरवरी 2026।

जिला टीकमगढ़ में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK) के अंतर्गत आयुष्मान भारत ‘उमंग’ स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम के तहत माध्यमिक विद्यालयों के हेल्थ एंड वेलनेस एम्बेसडर (आरोग्य दूत) शिक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण होटल मां लक्ष्मी पैलेस में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण में जिले के टीकमगढ़, बल्देवगढ़, पलेरा एवं जतारा ब्लॉकों के शिक्षक सक्रिय रूप से शामिल हुए। प्रशिक्षण के तृतीय दिवस पर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा और गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इसमें द्वितीय दिवस की पुनरावृत्ति, किशोरावस्था एवं उसके शारीरिक-मानसिक परिवर्तनों की समझ, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श पर संवेदनशील चर्चा, पॉक्सो

अधिनियम 2012 की जानकारी, स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं का परिचय, पोस्ट टेस्ट एवं अंत में प्रमाण पत्र वितरण शामिल रहा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला स्वास्थ्य विभाग एवं शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान जिला स्वास्थ्य अधिकारी (DHO-2) डॉ. एम. वरुण, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) अंकित जी, RKSK जिला समन्वयक जागृति त्रिवेदी, जिला शिक्षा केंद्र टीकमगढ़ से एपीसी (अकादमिक) श्री मनोज कुमार गुप्ता तथा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) श्रीमती निशा तिवारी उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने शिक्षकों को प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान को विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू करने हेतु प्रेरित किया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किशोर-किशोरियों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना तथा विद्यालय स्तर पर स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के माध्यम से प्रशिक्षित शिक्षक अब अपने-अपने विद्यालयों में विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं जीवन कौशल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करेंगे।

कार्यक्रम का आयोजन ग्राम भारती महिला मंडल, टीकमगढ़ द्वारा किया गया, जिसमें संस्था के कार्यकर्ताओं का भी सक्रिय सहयोग रहा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले में किशोर स्वास्थ्य जागरूकता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।