*ग्राम भारती महिला मंडल में WCL महाप्रबंधक का भ्रमण, महिला सशक्तिकरण कार्यों की सराहना*
दिनांक 19 जनवरी 2026 को ग्राम भारती महिला मंडल में श्री संजय मिश्रा, महाप्रबंधक, वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) एवं श्री जितेंद्र कुमार गुप्ता, महाप्रबंधक (संचालन) का सौजन्य भ्रमण संपन्न हुआ। इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल द्वारा अतिथियों का श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया तथा संस्था की गतिविधियों में रुचि लेने हेतु उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।
भ्रमण के दौरान श्री संजय मिश्रा ने ग्राम भारती महिला मंडल द्वारा संचालित विभिन्न महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक कल्याण गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित आचार निर्माण इकाई, सैनिटरी पैड निर्माण केंद्र, हस्तशिल्प सामग्री निर्माण, तथा परिवार परामर्श केंद्र जैसी पहलों की विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की।
श्री मिश्रा ने संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक, आर्थिक एवं स्वावलंबन से जुड़े कार्यों की भूरि-भूरि सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रहे हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। साथ ही उन्होंने संस्था परिसर में बनाए रखी गई स्वच्छता व्यवस्था एवं अनुशासन की भी विशेष प्रशंसा की।
इस अवसर पर संस्था की ओर से श्रीमती नंदा सोनी (कोषाध्यक्ष), संस्था टीम अंतर्गत श्री लीलाधर गडेकर, श्री राजकुमार, श्रीमती ज्योति बागडे, श्रीमती शबनम शेख, प्रहलाद आ मीडिया प्रभारी श्री उमेश विन्ध्येश्वरी प्रियंका सहित संस्था की अनेक सक्रिय महिलाएं एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने अतिथियों के समक्ष संस्था के उद्देश्यों, कार्यों एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम का समापन आपसी संवाद, प्रेरणादायी विचार-विमर्श एवं महिला सशक्तिकरण के संकल्प के साथ हुआ







