एसडीएम बड़ोनिया को सौंपा ज्ञापन, रेडियम रिफ्लेक्टर बैक लाइट अनिवार्य करने की उठी आवाज
आमला। क्षेत्र में गन्ना सीजन शुरू होते ही सड़कों पर गन्ने से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां हादसों का कारण बन रही हैं। इसे लेकर जन सेवा कल्याण समिति आमला ने मंगलवार को कलेक्टर के नाम, अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) शैलेंद्र बड़ोनिया को ज्ञापन सौंपा। समिति ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में गन्ने की ढुलाई जोरों पर है, लेकिन वाहन चालक सुरक्षा मानकों की पूर्णतः अनदेखी कर रहे हैं। ट्रॉलियों में क्षमता से अधिक गन्ना भरा जा रहा है, जो ट्रॉली से काफी बाहर निकला रहता है। इससे संकरी सड़कों पर आवागमन बाधित होता है और दुर्घटनाएं हो रही हैं।
रेडियम और बैक लाइट का अभाव
समिति के सदस्यों ने बताया कि अधिकांश ट्रॉलियों के पीछे न तो रेडियम पट्टी (Radium Strip) लगी है, न ही बैक लाइट चालू हालत में है। सुरक्षा के लिए लाल कपड़ा भी नहीं लगाया जाता। इस कारण रात के अंधेरे में पीछे से आ रहे वाहन चालकों को ट्रॉली दिखाई नहीं देती, जो भीषण हादसों का कारण बन रही है। इसके अलावा कई ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट, बीमा और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के दौड़ रहे हैं। कई बार इन्हें अप्रशिक्षित चालक या नाबालिग चलाते हुए देखे जा सकते हैं।
समिति की प्रमुख मांगे:
गन्ने की ओवरलोडिंग पर तत्काल रोक लगाई जाए।
सभी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के पीछे रेडियम रिफ्लेक्टर लगवाना अनिवार्य हो।
बिना दस्तावेजों के चल रहे वाहनों की सघन चेकिंग कर वैधानिक कार्यवाही की जाए।
एक साथ दो से अधिक ट्रैक्टर ट्रॉली ना चले
ये रहे उपस्थित
ज्ञापन सौंपते समय नितिन सिंह ठाकुर, अमित यादव, अनिल सोनपुरे, सागर चौहान, राज ठाकुर, वैभव सोनी, पवन मसत्कर, अभिषेक टीकारे, चेतन भावसार, शुभम खातरकार और प्रमोद पवार सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।







