*दीपावली के शुभ अवसर पर ग्राम भारती महिला मंडल द्वारा संचालित शक्ति सदन (स्वाधार गृह) में कपड़े वितरण कार्यक्रम सम्पन्न*

 

17 अक्टूबर 2025 (शुक्रवार)।
दीपावली के पावन अवसर पर ग्राम भारती महिला मंडल द्वारा संचालित शक्ति सदन (स्वाधार गृह) में निवासरत महिलाओं एवं बच्चों के बीच हर्षोल्लास के साथ कपड़े वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में महिला एवं बाल विकास विभाग से श्रीमान गौतम अधिकारी (जिला कार्यक्रम अधिकारी) द्वारा परिवार परामर्श केंद्र का निरीक्षण किया गया एवं संबंधित फाइल रिपोर्ट की जांच की गई। निरीक्षण के पश्चात उन्होंने संस्था के समुचित संचालन एवं व्यवस्थाओं की सराहना की। इसके पश्चात दीपावली के अवसर पर महिलाओं और बच्चों को कपड़े, मिठाई, फटाके एवं अन्य सामग्री भेंट की गई। CWC टीम द्वारा महिलाओं एवं बच्चों को मिठाई एवं नमकीन वितरित किया गया, वहीं श्रीमती कृष्णा जैन द्वारा बालिकाओं को चुनरी उड़ाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री अभिषेक जैन, सदस्य श्रीमती हेमलता कुम्भारे, श्रीमती सीमा मिश्रा, श्रीमती सीमा चौरिया, श्रीमती नीतू चढ़ोकर, महिला एवं बाल विकास विभाग से श्री गौतम अधिकारी (जिला कार्यक्रम अधिकारी),

श्रीमती कृष्णा जैन (जे.एच. कॉलेज प्रोफेसर), संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल एवं संस्था कोषाध्यक्ष श्रीमती नंदा सोनी की गरिमामयी उपस्थिति रही। शक्ति सदन की बालिकाओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया तथा कार्यक्रम का संचालन श्रीमती ज्योति बागड़े द्वारा किया गया। सभी अतिथियों का श्रीफल देकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। अतिथियों ने स्वाधार गृह की स्वच्छता, अनुशासन एवं व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए निवासरत महिलाओं व बच्चों के कल्याण हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। सभी अतिथियों ने संस्था के 40 वर्षों के कार्यों की सराहना करते हुए इसे बैतूल जिले की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। कार्यक्रम के पश्चात अतिथियों ने संस्था परिसर का अवलोकन किया, जिसमें आचार निर्माण इकाई, सैनिटरी पैड निर्माण केंद्र, परामर्श केंद्र एवं प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया गया। अतिथियों ने संस्था द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। दीपावली की खुशियों से वातावरण आलोकित था, और सभी के चेहरों पर उत्साह, अपनत्व एवं सामाजिक समरसता का भाव झलक रहा था।