घटनास्थल पर मिली दीपक की घड़ी, क्या यही है वो काली गाड़ी

घोड़ाडोंगरी

मंगलवार रात 12:40 के लगभग घोड़ाडोंगरी के सराफा चौक से एक युवक का अपहरण होने की घटना का वीडियो मोहल्ले के सीसीटीवी कैमरे में सामने आया। उसके बाद दूसरे दिन दोपहर घोड़ाडोंगरी के कंहावाडी रोड पर रहने वाले दीपक बामने की दादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई की उनका पोता दीपक बने रात 12:30 बजे घर से कुछ देर में आने का कहकर निकला था जो अभी तक वापस नहीं आया।
पुलिस ने उनकी रिपोर्ट पर गुम इंसान कायम कर जांच शुरू कर दी।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो वहां पर उन्हें दीपक की घड़ी मिली है । जिसकी परिजनों ने पुष्टि की है। वही इस सनसनीखेज घटना से लोग स्तब्ध होकर रह गए हैं । पुलिस की कई टीमें पूरे मामलों की जांच पड़ताल में बड़ी ही सरगर्मी से लगी हुई है । परिजनों ने बताया कि दीपक के पिता ने दूसरी शादी की थी । दूसरी मां के बच्चों से मकान को लेकर विवाद भी चल रहा है।

कौन थी वह काली गाड़ी

जिस कार में दीपक का अपहरण होने की संभावना व्यक्त की जा रही है वह कार कहां से आई और कहां गई इसको लेकर भी तरह-तरह की चर्चा है। नगर में लोग चर्चा कर रहे हैं कि वह काली कार घटना के दिन रात 8 बजे से नगर में देखी गई और दीपक बामने के घर के तरफ जाने वाली सड़क के पास लगे सीसीटीवी कैमरा में भी कार के वीडियो सामने आए हैं।

सराफा चौक में घटना के बाद कार के भोपाल की तरफ जाने वाले मार्ग पर जाता बताया जा रहा है। आज गुरुवार को सोशल मीडिया पर कार का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें कार भोपाल के पास के टोल पर दिखती बताई जा रही है।

दीपक के रिश्तेदारों की माने तो इस कार के साथ परिवार के ही व्यक्ति ने अपने फोटो इंस्टाग्राम पर पोस्ट भी किए थे। जो अब डिलीट कर दिए हैं। माना जा रहा है कि पुलिस मामले की तह तक पहुंच चुकी है और जल्दी पूरे मामले का खुलासा हो सकता है।