प्रदेश में चुनाव प्रचार चरम पर है सभी पार्टी के स्टार प्रचारक प्रचार में जुटे हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सीधी में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में एक जनसभा में कहा कि भाजपा ने अपने करीब 10 साल के शासन काल में घोटालों को रोका और जनता की सेवा की इसलिए मध्य प्रदेश के मन में मोदी है। भाजपा सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आयुष्मान योजना में मिल रहे 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज से अब तक गरीब परिवारों को 1 लाख करोड़ रूपए की बचत हुई है। जन औषधि दवा केंद्रों में मिल रही 80 फीसदी छूट वाली दवाओं से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के 25 हजार करोड़ रूपए बचे हैं। खरगोन जिले के बड़वाह और महेश्वर में रैली को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि नौजवानों को कांग्रेस शासन के बारे में जानना चाहिए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवास के सोनकच्छ और शुजालपुर में जनसभा की, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तेंदूखेड़ा, और नरियावली जिला सागर में जनसभा को संबोधित किया। वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अशोकनगर में जनसभा की है। इस बीच कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने
सौंसर, छिंदवाड़ा के कुहिया और चौराई में सभा की और पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा ने भोपाल में पत्रकार वार्ता की। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ग्वालियर में एक सभा को संबोधित किया। साथ ही समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ओरछा से निवाड़ी तक रोड शो किया जबकि बसपा प्रमुख मायावती दमोह और सागर में प्रचार करेंगी।







