विधानसभा चुनावों में 2500 उम्मीदवार मैदान में

प्रदेश में विधानसभा चुनावों में नाम वापसी के बाद अब करीब 2500 उम्मीदवार मैदान में रह गए है

प्रदेश में, विधानसभा चुनावों में नाम वापसी के बाद अब करीब 25 सौ उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं। नाम वापसी के अंतिम दिन कल 350 से ज्यादा उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लिए हैं। मप्र में 230 विधानसभा सीटों पर कुल 2 हजार 916 नामांकन पत्र वैध पाए गए थे। राज्य में 17 नवंबर को एक ही चरण में वोट डाले जाएंगे। मप्र में नाम वापसी के बाद भी राजनीतिक दलों को राहत नहीं मिली है क्योंकि अभी भी कई सीटों पर बागी उम्मीदवार परेशानी का सबब बने हुए हैं। कुछ उम्मीदवार निर्दलीय हैं तो कुछ ने अन्य दलों का दामन थाम लिया है।

इसी बीच, कई विधानसभा सीटों पर मतदाताओ की ज्यादा संख्या के मद्देनजर सहायक मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश में 1 हजार 550 से अधिक मतदाता संख्या वाले मतदान केंद्रों पर 103 सहायक मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं। भोपाल में सात विधानसभा चुनावों के लिए 97 उम्मीदवार बचे है। कल 21 उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिया था।

विधानसभा निर्वाचन हेतु आगरमालवा जिले मे 17 प्रत्याशी चुनावी मैदान मे है। जिले के सुसनेर क्षेत्र से 08 व अगर विधानसभा से ,09 प्रत्याशी शेष बचे है जिनको प्रतीक चिन्हों का आवंटन कर दिया गया।  टीकमगढ़ में तीनों विधानसभा सीटों से कुल 53 प्रत्‍याशी चुनाव मैदान मे किस्‍मत अजमा रहे है। इसमे टीकमगढ विधानसभा सीट से 22, खरगापुर से 14 और जतारा से 17 उम्‍मीदवार चुनाव मैदान मे है।