भारत ने 11 स्वर्ण, 14 रजत और 23 कांस्य सहित 48 पदक जीते

भारत ने चीन के हांगचोउ में आयोजित एशियाई पैरा गेम्‍स में अब तक कुल 48 पदक जीत लिए हैं जिनमें 11 स्‍वर्ण, 14 रजत, 23 कांस्‍य पदक हैं। सुमित अंतिल ने आज पदक की शुरुआत करते हुए पुरुषों की एफ-64 भाला प्रतियोगिता में 73.29 मीटर की दूरी पर भाला फेंक कर कीर्तिमान स्‍थापित किया। उन्‍होंने स्‍वर्ण पदक जीता। इसी प्रतियोगिता का कांस्‍य पदक पुष्‍पेन्‍द्र सिंह ने जीता। पुरूषों की एफ-37/38 भाला फेंक स्‍पर्धा में भारत के हानी ने दूसरा स्‍वर्ण पदक जीता। भारत के हरविन्‍द्र सिंह और साहिल ने पुरूषों की रिकर्व तीरंदाजी में रजत पदक हासिल किया। महिलाओं की डिस्कस थ्रो प्रतिस्‍पर्धा में पूजा ने रजत पदक जीता। तीरंदाजी के मिकस्‍ड डबल्‍स के फाइनल में शीतल और सरिता चीन की जोडी से हार गए और उन्‍हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

महिलाओं की क्‍लास-4 टेबल टेनिस प्रतियोगिता में भाविना पटेल ने चीन की गु जियाओदान से हार के बाद कांस्‍य पदक से संतोष करना पड़ा। टेबल टेनिस में पुरूषों के सिंगल्‍स में संदीप डांगी ने रजत पदक हासिल किया। भारत के प्रमोद भगत और मनीषा रामदास की जोड़ी ने मिकस्‍ड डबल्‍स बैडमिंटन स्‍पर्धा में कांस्‍य पदक जीता जबकि मनीषा जोशी और वैष्‍णवी ने बैडमिंटन के सिंगल्‍स में कांस्‍य पदक जीता। शशी कसाना ने महिलाओं के डिस्कस थ्रो में कांस्‍य पदक प्राप्‍त किया।

 इससे पहले, प्राची ने कल केएल-2 खेल में और महिलाओं की टी-20 400 मीटर दौड़ में दोनों ने स्‍वर्ण पदक जीते। पुरूषों के एफ-54/55/56 डिस्कस थ्रो में नीरज यादव ने भी स्‍वर्ण पदक जीता।

भारतीय खिलाड़ियों के दल आज एथलेटिक्‍स, साइकिलिंग, बैडमिंटन, शतरंज और तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में और अधिक पदक जीतने का प्रयास करेंगे।

भारत ने एशियाई पैरा गेम्‍स के 17 मुकाबलों में भाग लेने के लिए 303 खिलाड़ियों का दल भेजा है। भारत ने इंडोनेशिया में आयोजित एशियाई पैरा गेम्‍स 2018 में अपने श्रेष्‍ठ प्रदर्शन के बल पर कुल 72 पदक जीते थे जिनमें 15 स्‍वर्ण, 24 रजत और 33 कांस्‍य पदक थे। 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.