भाजपा कांग्रेस की चुप्पी दावेदारों और समर्थकों पर पड़ रही भारी

 

विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की दोनों प्रमुख पार्टीयों भाजपा और कांग्रेस ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है और अब ऐसा लगता है कि दोनों ही पार्टिया शांत बैठ गई हैं । जनता , दावेदार और समर्थक पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की ओर टकटकी लगाए देख रहे हैं । वरिष्ठ नेतृत्व मोन होकर देख रहा है । भाजपा ने 39 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर यह संकेत दिया था कि वह दमखम के साथ चुनाव मैदान में उतर चुकी है और उसने अपने उम्मीदवारों को विधानसभा क्षेत्र में जनता से संपर्क करने के लिए पर्याप्त समय दिया है।

सूची जारी होने से उम्मीदवार अब क्षेत्र की जनता के बीच जाकर अपने लिए समर्थन हासिल कर सकेंगे । कुछ राजनीतिक चर्चाओं की माने तो भाजपा की इस पहली सूची को लोग लप्पा बाल की तरह देख रहे थे और माना जा रहा था कि भाजपा ने कांग्रेस को एक ऐसी लुभावनी गेंद फेंकी है जिस पर शॉर्ट मारने पर कांग्रेस को कैच आउट करने का प्रयास किया जाएगा ।

लेकिन कांग्रेस की उदासीनता या भाजपा के झांसे में नहीं आकर कांग्रेस ने अभी तक भी सूची जारी नहीं की है। वही लोग यह उम्मीद लगाए बैठे थे कि भाजपा दूसरी सूची भी जारी कर रही है । 64 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी होने के कयास लग रहे थे ।

लेकिन भाजपा ने अभी तक दूसरी सूची जारी नहीं की है । इस बीच दैनिक भास्कर के एक सर्वे ने हलचल मचा दी है । जिसमें बैतूल जिले की बैतूल विधानसभा सीट से भाजपा से अल्केश आर्य को और कांग्रेस से अरुण गोठी को पहले पायदान पर जनता की पसंद माना जा रहा है। आमला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा से डॉक्टर योगेश पंडाग्रे को और कांग्रेस से निशा बांगरे को जनता की पसंद माना जा रहा है। घोड़ाडोंगरी विधानसभा से भाजपा से गंगा उइके को और कांग्रेस से राहुल उइके को जनता की पसंद माना जा रहा है।

इन प्रत्याशियों के समर्थको की बांछे इस सर्वे के सामने आने से खिल गई है। इन लोगों का मानना है कि इस बार पार्टियां नेताओं को कम और सर्वे को ज्यादा तवज्जो देगी ।

सर्वे में पहले पायदान पर आए लोगों को टिकट मिल सकती है । पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने तो स्पष्ट कहा था कि सर्वे कराया जाएगा और सर्वे में जिसे जनता पसंद करेगी उसे टिकट देंगे । फिलहाल दोनों ही प्रमुख पार्टियों ने अपने उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं । अब लोग सिर्फ कयास लगा रहे हैं की किसे टिकट मिलती है इसको लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की ओर टकटकी लगाए देख रहे है।