दीपावली पूरे देश में हर्षोल्‍लास के साथ मनाई जा रही है। राष्‍ट्रपति, उपराष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री ने लोगों को शुभकामनाएं दी हैं

दीपों का त्‍योहार दीपावली आज पूरे देश में पारंपरिक आस्‍था और उल्‍लास से मनाई जा रही है। भगवान राम के चौदह वर्ष के वनवास के बाद अयोध्‍या लौटने की खुशी में अयोध्या वासियों के दीपोत्सव से दीपावली की परंपरा शुरू हुई थी। इस अवसर पर धन की देवी लक्ष्‍मी की पूजा- अर्चना की जाती है तथा मंदिरों, सार्वजनिक स्‍थलों और घरों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाता है।

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उप-राष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ ने देशवासियों को दिवाली की शुभकामनायें दी हैं। शुभकामना संदेश में राष्‍ट्रपति मुर्मु ने कहा कि दिवाली हर्षोंल्‍लास और खुशियों का पर्व है तथा आपसी सहयोग और सद्भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्‍होंने कहा कि दिवाली पर की जाने वाली रोशनी ज्ञान के आलोक का प्रतीक है जो अंतरतम के अंधकार और अज्ञानता को दूर करता है। राष्‍ट्रपति ने आशा व्‍यक्‍त की कि यह त्‍योहार वंचितों की मदद करने की भावना मजबूत करे। उन्‍होंने लोगों से शुभ और लाभ की परम्‍परा जारी रखने की भी अपील की। उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने संदेश में कहा है कि दिवाली का पर्व राम राज्‍य के महत्‍व को व्‍यक्‍त करता है, जो कल्‍याणकारी शासन का आदर्श है। उन्‍होंने कहा कि यह त्‍योहार भगवान राम के आदर्श जीवन में विश्‍वास की पुष्टि करता है। उन्‍होंने आशा व्यक्त की कि दीपावली  प्रत्‍येक व्‍यक्ति के जीवन में बुद्धि-विवेक, शांति, समृद्धि, और खुशहाली लायेगी। 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं। श्री मोदी ने ट्वीट में कहा कि दीपावली का त्‍योहार आलोक और तेजस्विता से संबंधित है। उन्‍होंने इस पवित्र त्‍योहार पर लोगों के जीवन में खुशहाली और आनन्‍द की कामना की। प्रधानमंत्री ने आशा व्‍यक्‍त की है कि लोग अपने परिवार और मित्रों के साथ हर्षोल्लास के साथ दीपावली मनाएंगे।

 

गृहमंत्री अमित शाह ने देशवासियों को दीपावली की बधाई दी है। एक ट्वीट में श्री शाह ने दीपों के त्‍योहार पर हर एक के लिये सुख, स्‍वास्‍थ्‍य और सामृद्धि की कामना की। 

Leave A Reply

Your email address will not be published.