मध्यप्रदेश स्थापना दिवस 1 नवम्बर से 7 नवम्बर तक होंगे कार्यक्रम
आज निवास कार्यालय पर मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह के संबंध में बैठक की। मध्यप्रदेश का 67वाँ स्थापना दिवस जनोत्सव के रूप में मनाया जाएगा।
प्रदेशवासियों के साथ मिलकर हम सब आगामी स्थापना दिवस तक के लक्ष्य तय कर उन्हें प्राप्त करने का संकल्प लेंगे। मध्यप्रदेश ने विकास के क्षेत्र में कई उपलब्धियां अर्जित की हैं।
हमारी परंपरा, जीवन मूल्यों और संस्कारों पर केंद्रित कई कार्यक्रम भी आयोजित हुए हैं। इनमें नर्मदा सेवा यात्रा, एकात्म यात्राएं, अमर क्रांतिकारी शहीदों के स्मारकों का निर्माण प्रमुख हैं। इसी क्रम में महाकाल लोक की अद्भुत रचना हुई है। प्रदेश के 67वें स्थापना पर एक नवम्बर से सात नवम्बर तक रचनात्मक गतिविधियां संचालित की जाएंगी। यह गतिविधियां पुण्य सलिला नर्मदा जी और श्री महाकाल महालोक पर केन्द्रित होंगी।
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह पर गठित मंत्री समूह के सुझावों को सम्मिलित करते हुए गतिविधियां निर्धारित की गईं हैं। मध्यप्रदेश के 52 जिलों में लगभग 50 लाख पात्र हितग्राही कार्यक्रम से जुड़ेंगे तथा उत्कृष्ट कार्य के लिए अधिकारी – कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। स्थापना दिवस के अवसर पर जन सेवा अभियान के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र तथा अन्य लाभ वितरण के लिए सभी जिलों में एक नवम्बर को कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रमों की श्रृंखला के अन्तर्गत 1 नवम्बर को सभी जिलों में जनअभियान परिषद के सहयोग से प्रभातफेरी का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 1 बजे जिलों में जनसेवा अभियान स्वीकृति पत्र व अन्य लाभों का वितरण कार्यक्रम होगा। सायं भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति होगी। 2 नवम्बर को लाड़ली लक्ष्मी योजना की लाड़लियों और उनके माता-पिता के सभी जिलों में सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
3 नवम्बर को सभी जिलों में स्वच्छता गतिविधियां, और महत्वपूर्ण स्थलों पर 67 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे व ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं और व्यंजन प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा। 4 नवम्बर को एक जिला-एक उत्पाद पर सभी जिलों में गतिविधियां संचालित होंगी। 5 नवम्बर को प्रदेश के गौरव पर केंद्रित नाटक, लोकनृत्य और जननायकों पर प्रतियोगिताएं होगीं।
6 नवम्बर को सभी जिलों में वृक्षारोपण, जलसंरक्षण, ऊर्जा की बचत और पर्यावरण पर केंद्रित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत 7 नवम्बर को सभी जिला मुख्यालयों और राज्य स्तर पर पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके अंतर्गत स्थापना दिवस के संदर्भ में संचालित सभी प्रतियोगिताओं, खेल गतिविधियों के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
यह सभी कार्यक्रम आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की भावना को अभिव्यक्त करते हुए उत्सव और आनंद के वातावरण में संपन्न होंगे। सभी सांस्कृतिक गतिविधियों में स्थानीय परिवेश की सांस्कृतिक गतिविधियों को विशेष रूप से सम्मिलित किया जाएगा।
यह सभी कार्यक्रम आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की भावना को अभिव्यक्त करते हुए उत्सव और आनंद के वातावरण में संपन्न होंगे। सभी सांस्कृतिक गतिविधियों में स्थानीय परिवेश की सांस्कृतिक गतिविधियों को विशेष रूप से सम्मिलित किया जाएगा।







