जिले में 5 फरवरी से 8 मार्च तक आयोजित होंगी विकास यात्राएं

 

*विधानसभा क्षेत्रवार होगा यात्राओं का संचालन*

*जिले के विधानसभा क्षेत्र- मुलताई, आमला, बैतूल, घोड़ाडोंगरी एवं भैंसदेही में 5 फरवरी से 8 मार्च के बीच विकास यात्राओं का संचालन किया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक विकास यात्रा निकाली जाएगी, जो क्षेत्र के सभी ग्रामों एवं शहरी वार्डों से गुजरेगी। विकास यात्रा में सबसे आगे विकास पताका ध्वज के रूप में रहेगी। इस पताका के फहराने का उद्देश्य यह होगा कि दसों दिशाओं में विकास ही सरकार का एकमात्र लक्ष्य है, इसके लिए सरकार समर्पित भाव से कार्य कर रही है। ध्वज के साथ ही विधानसभा क्षेत्र की सर्वाधिक महत्वपूर्ण उपलब्धियों के बैनर-फ्लेक्स रहेंगे। विकास यात्रा का एक प्रमुख आकर्षण विकास रथ भी होगा। इस रथ के चारों ओर विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े फ्लैक्स लगे होंगे। रथ में माइक स्टिम, ऑडियो-विजुअल सुविधाएं, मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के रिकार्डेड संदेश रहेंगे*।

*विकास यात्रा के दौरान नुक्कड़ एवं जन सभाओं का भी आयोजन होगा। आवश्यकतानुसार विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा। साथ ही सरकार की उपलब्धियों की जानकारी भी आमजन को दी जाएगी। विभिन्न योजनाओं के ऐसे पात्र हितग्राही जिन्हें हाल ही में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के अंतर्गत योजना का लाभ प्राप्त हुआ है, उन्हें हितलाभ वितरण किया जाएगा। केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न बीमा सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के फार्म भरवाकर उन्हें मौके पर ही बीमा योजना से जोडऩे का कार्य होगा। हितग्राही मूलक योजनाओं से मौके पर ही हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, दिव्यांगों, वृद्धजनों, बच्चों एवं महिलाओं से जुड़े ऐसे विषय जिनके संबंध में यात्रा के दौरान अनुरोध प्राप्त होने पर तत्काल नियमानुसार सहायता भी की जा सकेगी। विकास यात्राओं के दौरान शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों के हितग्राहियों से योजना के लाभ मिलने के पूर्व की स्थिति एवं लाभ मिलने के पश्चात उनकी स्थिति में परिवर्तन पर संवाद होगा। नागरिकों, किसानों, मजदूरों, विद्यार्थियों, महिलाओं, स्व सहायता समूहों आदि द्वारा की गई अभिनव पहल और उनकी सफलता की कहानी पर भी चर्चा की जाएगी। केन्द्र और राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं और उनके लाभों के बारे में आम नागरिकों को जानकारी दी जाएगी। सरकार द्वारा ग्राम/नगर के विकास के लिए किए गए कार्यों से आमजन को अवगत कराते हुए भविष्य की विकास नीतियों पर भी चर्चा होगी। पेसा एक्ट के संबंध में लोगों को जानकारी दी जाएगी। यात्रा के रूट में आने वाली शासकीय संस्थाओं जैसे-स्वास्थ्य केन्द्र, आंगनबाड़ी, विद्यालय, राशन की दुकान, ग्राम पंचायत कार्यालय, पुलिस थाना, पशु चिकित्सालय, सहकारी साख समिति आदि का भी भ्रमण किया जाएगा तथा उनकी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा अधोसंरचना में सुधार के लिए सुझाव प्राप्त किए जाएंगे। यात्राओं के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इसके अलावा पौधरोपण, नशा मुक्ति अभियान, स्वच्छता कार्य श्रमदान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। रूट पर आने वाले ग्रामीण क्षेत्रों में लोकप्रिय खेलों का आयोजन होगा। प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों का पंजीयन एवं उनका समय-सीमा में निराकरण भी किया जाएगा। यात्रा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।*

Get real time updates directly on you device, subscribe now.