राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के पास 78 लाख से अधिक टीके अब भी शेष- स्वास्थ्य मंत्रालय
|
केन्द्र सरकार ने राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों को अब तक 31 करोड 83 लाख से अधिक कोविड टीके उपलब्ध कराए हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया है कि अब भी राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के पास 78 लाख से अधिक टीके शेष हैं। अगले तीन दिनों में 15 लाख 18 हजार से अधिक और टीके उपलब्ध कराए जाएंगे। केन्द्र सरकार देश भर में कोविड टीकाकरण की गति को तेज करने और इसके दायरे का विस्तार करने में लगी हुई है। इस महीने की 21 तारीख से निशुल्क टीकाकरण का नया चरण चल रहा है।
राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत केन्द्र सरकार राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों को मुफ्त टीके उपलब्ध करा रही है। केंद्र सरकार कोविड टीका निर्माताओं से प्राप्त टीकों का 75 प्रतिशत विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को उपलब्ध कराएगी।