केन्द्र ने कहा कि राष्ट्रीय कोविड टीकाकरण कार्यक्रम में वैक्सीन की 12 करोड़ डोज जून में उपलब्ध होंगी

|
केन्द्र ने कहा है कि राष्ट्रीय कोविड टीकाकरण कार्यक्रम के तहत कोविड वैक्सीन की लगभग बारह करोड़ डोज जून में उपलब्ध हो जायेगी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि छह करोड़ नौ लाख से अधिक कोविड वैक्सीन राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को भेजी जायेगी। इसका उपयोग प्राथमिकता वाले स्वास्थ्य कर्मियों, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं और 45 वर्ष की आयु से अधिक के लोगों के लिए किया जायेगा। केन्द्र सरकार की तरफ से वैक्सीन की आपूर्ति नि:शुल्क होगी। इसके अलावा पांच करोड़ 86 लाख से अधिक डोज राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों तथा प्राइवेट अस्पतालों की खरीद के लिए उपलब्ध होंगी। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के हिस्से के रूप में सरकार राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को कोविड वैक्सीन नि:शुल्क उपलब्ध कराकर उन्हें सहयोग दे रही है।